New four lane : हरियाणा में 71 किलोमीटर लंबा नया फोरलेन बनेगा, 616.01 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी
नया फोरलेन से हरियाणा, यूपी व राजस्थान के वाहन चालकों का मिलेगा फायदा
हरियाणा के वाहन चालकों को एक ओर नए फोरलोन की सौगात मिलने वाली है। इस फोरलोन के माध्यम से जहां हरियाणा के साथ यूपी व राजस्थान के यात्रियों को लाभ मिलने वाला है। हरियाणा सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) योजना बोर्ड ऋण सहायता के तहत होडल से बिलासपुर वाया नूंह मार्ग को फोर लेन बनाया जाएगा। 71 किमी लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 616.01 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को हथीन के कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। विधायक ने होडल से पटौदी को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण को लेकर सरकार से रिपोर्ट मांगी थी। रणबीर गंगवा ने बताया कि इस सड़क निर्माण के लिए कई जगह पेड़ों की कटाई होनी है।
उसकी एवज में वनीकरण के लिए करीब 80 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है। इस जमीन ट्रांसफर करने के लिए वन विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन मंजूरी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड से ऋण मंजूर होने के बाद टेंडर काल किया जाएगा।
रणबीर गंगवा ने बताया कि एनसीआरपीबी ऋण सहायता के तहत बिलासपुर चौक से कुलाना वाया पटौदी 71 से 96 किलोमीटर तक फोर लेन बनाने के लिए 476.07 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। यह मामला स्थाई वित्त समिति के पास विचाराधीन है। इसके लिए वन विभाग द्वारा 27 हेक्टेयर जमीन वनीकरण के लिए दी जाएगी।

