माता जानकी का भी भव्य मंदिर बनेगा, दूसरी वर्षगांठ पर हुए आयोजन
RNE Network.
पौष शुक्ल द्वादशी के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ मनाई गई। भव्य आयोजन हुए जिसमें भक्तों ने भागीदारी की।
इस नव अयोध्या में रामलला का पंचरस से अभिषेक और प्रकटोत्सव आरती की गई। पूरा राम मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस अवसर पर अयोध्या पहुंचे। रक्षा मंत्री ने एक सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में धर्म की ध्वजा लहरा रही है। यह भारत की पुनः आध्यात्मिक प्राण प्रतिष्ठा है। उन्होंने राम लला के दर्शन किये, पूजन किया।

माता जानकी का भव्य मंदिर बनेगा:
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज से 2 वर्ष पूर्व प्रभु श्री राम 500 वर्षों के इंतजार के बाद भव्य राम मंदिर में विराजमान हुए थे। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन को दुनिया का सबसे बड़ा और लंबा अहिंसक संघर्ष बताया।
उन्होंने कहा कि इस आंदोलन ने दुनिया को दिखाया कि भारतीय सभ्यता को मिटाने की तमाम कोशिशें नाकाम हुई। अयोध्या में भगवान राम के बाद सीतामढ़ी में माता जानकी का भव्य मंदिर बनाने के लिए हम आगे बढ़ रहे है।

