DC Rates : आउटसोर्स कर्मियों के डीसी रेट्स में 6422 रुपए तक की बढ़ोतरी, 1 अप्रैल से मिलेगा लाभ
चंडीगढ़ प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आउटसोर्स कर्मियों के डीसी रेट्स में बढ़ोतरी का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। डीसी निशांत कुमार यादव की ओर से मंगलवार को जारी यह नोटिफिकेशन 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने कुल 561 कैटेगरीज में सैलरी बढ़ाई है। यह बढ़ोतरी न्यूनतम 1,500 से लेकर अधिकतम 6,422 तक की गई है।
ग्रुप-डी व फील्ड स्टाफ
पीयून, माली, बेलदार, चौकीदार और आया का मासिक वेतन 22,680 से बढ़कर 24,494 हो गया है।
क्लर्क व टेक्निकल स्टाफ
क्लर्क, डेटा एंट्री ऑपरेटर, कैशियर और कंप्यूटर ऑपरेटर को अब 30,850 के बजाय 32,701 मिलेंगे।
उच्च पदः मेडिकल ऑफिसर और असिस्टेंट प्रोफेसर का वेतन 58,110 तय किया गया है, जबकि प्रोफेसर (स्पेशल एजुकेशन) की सैलरी 87,275 तक पहुंच गई है।
रेगुलर कर्मियों के मुकाबले अभी भी काफी कम है वेतन
प्रशासन के अधिकांश विभागों में ऐसे आउटसोर्स कर्मी हैं जो पिछले 10 साल या उससे अधिक समय से कार्यरत हैं। कर्मचारियों की मांग रही है कि उन्हें ठेकेदारी प्रथा से मुक्त कर जॉब सिक्योरिटी दी जाए, क्योंकि रेगुलर कर्मियों के मुकाबले उनका वेतन अब भी कई गुना कम है। फिलहाल प्रशासन ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
इन श्रेणियों में बदलाव नहीं
कुल 20 कैटेगरी ऐसी हैं जिनके डीसी रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है क्योंकि इनके लिए ग्रेड-पे उपलब्ध नहीं है। हालांकि, संबंधित विभागों से केस प्राप्त होने पर प्रशासन इनके नए रेट तय करेगा।
अनुभवी कर्मियों को 2% अतिरिक्त लाभ
अनुभवी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रावधान है। जिन आउटसोर्स कर्मियों ने 31 मार्च 2026 तक बिना किसी बैंक के 5 साल की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें मूल वेतन पर 2% अतिरिक्त राशि दी जाएगी। यह भुगतान संबंधित विभाग के उपलब्ध बजट से होगा।

