E-learning plan : हरियाणा के विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग देगा टैबलेट, सिम के साथ मिलेगा इंटरनेट
शिक्षा विभाग ने ई-अधिगम योजना के तहत विद्यार्थियों को दोबारा टैबलेट देने का फैसला लिया है। नए सत्र 2026-27 से यह योजना नए स्वरूप में लागू की जाएगी, जिसमें छात्रों को टैब के साथ सिम कार्ड और हर महीने 1 जीबी डेटा भी दिया जाएगा। ये टैबलेट पहले 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को दिए जाएंगे।
योजना के तहत टेलीकॉम कंपनियों से सिम और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, खराब पड़े टैबलेट की मरम्मत के लिए अलग से कंपनी का चयन किया जाएगा। टैब में दोबारा पूरा पाठ्यक्रम अपलोड किया जाएगा और नया सुरक्षा सॉफ्टवेयर डाला जाएगा, जिससे छात्र केवल शैक्षणिक सामग्री तक ही सीमित रहेंगे। शिक्षा विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था में केवल पात्र विद्यार्थियों को ही इसका लाभ मिलेगा। स्कूल छोड़ने, फेल होने या पात्रता खत्म होने पर टैब वापस करना अनिवार्य होगा। फिलहाल जिले में करीब 21,528 विद्यार्थी इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
आधुनिक तकनीक से जोड़ने में मिलेगी मदद
जिला नोडल अधिकारी सुशील अरोड़ा ने बताया कि इस योजना के तहत डिजिटल संसाधनों के साथ पढ़ाई से छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी। हालांकि, इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी सहायता भी जरूरी होगी, ताकि यह योजना वास्तव में छात्रों के सीखने को बेहतर बना सके। उम्मीद है योजना के तहत जल्द ही टेंडर प्रकिया अमल में लाई जाएगी, जिसके बाद बच्चों को टैब के साथ सिम भी मुहैया करा दी जाएगी।

