Hansi District : हांसी अति आधुनिक मॉडल जिला के रूप में होगा विकसित, नारनौंद में एचएसवीपी सेक्टर बनेंगे
प्रदेश के बजट में हांसी को एक और तोहफा मिला। नया जिला हांसी अति आधुनिक मॉडल जिले के रूप में रूप में विकसित होगा। अति आधुनिक मॉडल जिले के रूप में विकसित होने वाला हांसी प्रदेश का पहला जिला होगा।
सरकार की ओर से बतौर वित्त मंत्री बजट प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को अति आधुनिक मॉडल जिला के रूप में विकसित करने की घोषणा की। मॉडल जिला के रूप में विकसित करने के लिए 2027 तक का लक्ष्य रखा गया। सरकार की योजना हांसी को एक अति आधुनिक और स्मार्ट जिला के रूप में विकसित करने की है, जिसमें बेहतर बुनियादी ढांचा, स्मार्ट सुविधाएं और कुशल प्रशासनिक सेवाएं शामिल होंगी। मॉडल जिला होने के कारण सरकार की नई परियोजनाओं और पायलट प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन में हांसी को प्राथमिकता मिलेगी।
क्या होता है मॉडर्न जिला
मॉडर्न जिला का मतलब एक उन्नत, स्मार्ट और बेहतर बुनियादी ढांचे वाला जिला होता है। प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए सभी विभागों में आवश्यक पदों का सृजन होगा और अधिकारी व कर्मचारी नियुक्त होंगे। नागरिक-केंद्रित सेवाओं को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष डिजिटल ढांचा तैयार किया जाएगा। हांसी व नारनौंद के विकास के लिए करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
सिविल अस्पताल में नई सुविधाएं मिलेगी
बजट प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने घोषणा की कि हांसी के जिला अस्पताल में अतिरिक्त 100 बिस्तरीय भवन का निर्माण वर्ष 2026-27 में शुरू किया जाएगा। हांसी के जिला अस्पताल में डायलिसिस केंद्र व नवजात शिशु उपचार के लिए स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव है।
नारनौंद में पहली बार सेक्टर की स्थापना की जाएगी
बजट प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने 71 शहरों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर स्थापित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 849 सेक्टरों के विकास के लिए भूमि खरीद का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह कार्य ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। नारनौंद में भी सेक्टर स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। हांसी जिला के उपमंडल नारनौंद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर की पहली बार स्थापना की जाएगी।
पहले पुलिस जिला का गौरव भी हांसी के नाम
साल 2016 में हांसी को प्रदेश का पहला पुलिस जिला घोषित किया गया था। हांसी को पहला पुलिस जिला भाजपा के शासन मैं तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा घोषित किया गया। अब 10 साल बाद हांसी को प्रदेश का पहला अति आधुनिक मॉडल जिला बनने का गौरव भी प्राप्त हुआ है। संयोग से हांसी का हरियाणा के इतिहास में नाम दर्ज हुआ।
2027-28 की समाप्ति से पहले विकसित किया जाएगा
बजट प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को लेकर कहा कि मिनी सचिवालय, आधुनिक पुलिस लाइन, दो सौ बेड अस्पताल आदि का निर्माण कार्य तथा सभी विभागों के जिला स्तरीय कार्यालयों के अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती वर्ष 2026-27 की शुरुआत में ही सुनिश्चित की जाएगी। वर्ष 2027-28 की समाप्ति से पहले हांसी को एक अति आधुनिक मॉडल जिला के रूप में विकसित किया जाएगा।

