Movie prime

Haryana AC Bus : हरियाणा के इस शहर से वृंदावन के लिए रोडवेज की एसी बस सेवा शुरू

 

हरियाणा के लोग अब विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए आरामदायक बस यात्रा कर सकेंगे। रोहतक बस डिपो से विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए पांच एसी बसों को संचालित किया गया है। डीसी सचिन गुप्ता, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर और मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने मंगलवार को रोहतक बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर वृंदावन के लिए एक एसी बस को रवाना किया।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार आमजन की मांग के अनुसार सुविधा उपलब्ध करवा रही है। इसी के मद्देनजर आज रोहतक से वृंदावन के लिए एसी बस की सुविधा यात्रियों को उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अलावा अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी एसी बसें यहां से संचालित होगी। प्रदेश के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था है।

लोग समय-समय पर पवित्र स्थान का भ्रमण करते हैं। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के मिल जाने से लोगों को काफी आराम मिलेगा। रोहतक बस स्टैंड से धार्मिक स्थलों के लिए पांच एसी बसें संचालित करने के लिए उन्होंने सीएम नायब सिंह सैनी और परिवहन मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया।

रोजाना दोपहर 12:10 पर वृंदावन के लिए चलेगी व रात 9 बजे पहुंचेगी

रोहतक डिपो महाप्रबंधक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थलों के लिए एसी बस संचालित करने में रोहतक डिपो हरियाणा का एक अग्रणी डिपो बन गया है। उन्होंने एसी बस सुविधा को त्योहारों के अवसर पर नागरिकों के लिए एक उपहार बताया।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के लिए रोहतक डिपो से पांच एसी बसें संचालित की। एसी बसों के साथ-साथ साधारण बसें भी लगातार धार्मिक स्थलों के लिए चलती रहेंगी। उन्होंने बताया कि वृंदावन के लिए एसी बस दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी और रात 9 बजे पहुंचेगी।

FROM AROUND THE WEB