Movie prime

Haryana Crop Compensation : हरियाणा में इन फसलों के खराब होने पर मिलेगा 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा, योजना तैयार 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासनिक सचिवों को विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए

 

हरियाणा में अब प्राकृतिक आपदा से फलों की फसल खराब होने पर मुआवजा 40 हजार की बजाय 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मिलेगा। सब्जियों एवं मसालों के लिए मुआवजा राशि 30 हजार रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासनिक सचिवों को विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ऊर्जा, स्वास्थ्य, राजस्व, आबकारी एवं कराधान, सहकारिता, विकास एवं पंचायत, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा बागवानी विभागों के प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिए कि बजट में की गई प्रत्येक घोषणा की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचे। इसके लिए ग्राम सभाओं की बैठकों में इन पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए जाएं तथा इसकी सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाए।

बैठक मैं बताया गया कि हरियाणा में मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के अंतर्गत 46 प्रकार के फल, सब्जी और मसाले की फसलें शामिल हैं, जिसमें किसानों को मात्र 2.5 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होता है, जबकि शेष राशि सरकार द्वारा वहन की जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 775 किसान उत्पादक संगठनों की बैठक बुलाई जाए, जिसमें वे स्वयं भी भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के अनुरूप किसानों को समूह के रूप में संगठित होकर कार्य करना चाहिए, जिससे उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। सरकार ने देशभर में 10 हजार एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत हरियाणा को 172 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया है।
 

FROM AROUND THE WEB