Movie prime

Haryana Education Board : हरियाणा शिक्षा बोर्ड 10वीं, 12वीं के इन विद्यार्थियों का रोकेगा परिणाम, जारी हुए दिशा निर्देश 

15 हजार विद्यार्थियों को लौटाने होंगे टैबलेट वरना रोक दिया जाएगा बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट

 

ई-अधिगम योजना के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को वितरित किए गए टैबलेट वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व लौटाने होंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए हैं।

विभागीय निर्देशानुसार कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड की अंतिम परीक्षा के पांच दिनों के अंदर टैबलेट एवं चार्जर विद्यालय में जमा करवाना होगा। ऐसा नहीं करने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम रोका सकता है। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा ई-अधिगम योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा-10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए हैं।

इस योजना के तहत जिले में 15 हजार के करीब विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं। इसमें किताबें, पीडीएफ, वीडियो/ऑडियो और अन्य डिजिटल सामग्री जैसी सामग्री शामिल हैं। इसके साथ ही इसमें मूल्यांकन और परीक्षण भी उपलब्ध कराए गए हैं।

वहीं विद्यार्थियों द्वारा अगर टैबलेट जमा नहीं करवाया जाता है तो संबंधित कर्मचारी ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार करेंगे। जोकि बोर्ड को भेजकर उनके परीक्षा परिणाम जारी नहीं करने का आग्रह किया जाएगा। अगर उसके बाद भी किसी कारण से ऐसे विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी हो जाता है तो उन विद्यार्थियों को आगामी पढ़ाई जारी रखने के लिए एसएलसी, चरित्र प्रमाण पत्र व डीएमसी जारी नहीं की जाएगी।

11वीं के विद्यार्थियों के पास टैबलेट रहेंगे

कक्षा-10वीं के मामलों में टैबलेट वापसी उस स्थिति में होगी जब विद्यार्थी अन्य विद्यालय में प्रवेश के लिए एसएलसी के लिए आवेदन करता है। यदि विद्यार्थी उसी विद्यालय में अध्ययन जारी रखता है तो टैबलेट वापस नहीं लिया जाएगा। कक्षा-11वीं के विद्यार्थियों के पास टैबलेट यथावत रहेंगे, जबकि कक्षा-12वीं के विद्यार्थियों को अंतिम परीक्षा के पांच दिनों के भीतर टैबलेट लौटाने होंगे।

टैबलेट का व्यवस्थित रिकार्ड बनाने की हिदायत भी दी

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने बताया कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों को ई-अधिगम योजना के तहत टैबलेट वितरित किए गए हैं। वहां निर्धारित अवधि के दौरान टैबलेट सुरक्षित तरीके से वापस लेने के लिए सभी विद्यालय मुखियाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। टैबलेट का व्यवस्थित तरीके से रिकार्ड बनाने की हिदायत भी दी गई है।

FROM AROUND THE WEB