Haryana Group C Job : हरियाणा ग्रुप सी के पदों पर भर्ती को लेकर आया अपडेट, एचएसएससी ने मांगी यह जानकारी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पदों की जानकारी मिलते ही जारी किया जाएगा परिणाम
हरियाणा में ग्रुप सी की नौकरी निकालने की हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने तैयारी कर ली है। भर्ती को लेकर आयोग की तरफ से नया अपडेट आया है। जहां पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से ग्रुप सी की भर्ती के लिए पदों की जानकारी को मांग लिया है। इसके तुरंत बाद ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से ग्रुप सी की सीईटी का परिणाम जारी किया जाएगा। इसके बाद खाली पदों पर ग्रुप सी सीईटी परीक्षा को पास करने वाले युवाओं को नौकरी का मौका दिया जाएगा। जहां पर हजारों पदों पर कर्मचारियों की भर्ती होनी है।
हरियाणा में तृतीय श्रेणी पदों के लिए 26 और 27 जुलाई को आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) का रिजल्ट घोषित करने की तैयारियों के बीच प्रदेश सरकार ने फिर से सभी विभागों से रिक्त पदों की जानकारी मांगी है। साथ ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) को सीधी भर्ती कोटे के अंतर्गत ग्रुप-सी पदों की मांग भेजने की अंतिम तिथि 15 नवंबर से बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दी है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, सभी बोर्डों व निगमों के प्रबंध निदेशकों, मुख्य प्रशासकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह निर्देश 10 नवंबर को जारी पूर्व निर्देशों के आंशिक संशोधन के तौर पर जारी किए गए हैं।
इसके अलावा सरकार ने लिपिक के पदों के लिए फिलहाल हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को कोई मांग नहीं भेजने का भी निर्णय लिया है क्योंकि निकट भविष्य में लिपिक के रिक्त पदों को कामन काडर के ग्रुप-डी कर्मचारियों से भरने का मामला विचाराधीन है।
इसलिए जिन विभागों, बोडों और निगमों द्वारा पहले ही लिपिक पदों की मांग आयोग को भेजी जा चुकी है, उन्हें तत्काल प्रभाव से वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग को भी ऐसे मांगपत्र पर आगे कोई कार्रवाई नहीं करने के लिए कहा गया है।

