Haryana power cut : हरियाणा में आनलाइन ट्रिक के फार्मूले से रोकेंगे बिजली के अघोषित कट
गर्मी में बढ़ते अघोषित बिजली कट रोकने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने आनलाइन ट्रिक का फार्मूला अपनाया है। हिसार सर्कल के हर ट्रांसफार्मर का डाटा आनलाइन दर्ज होगा। साथ ही उसका अंडरलोड और ओवरलोड के आंकड़े में पंजीकृत किए जाएंगे। ताकि बटन दबाते ही पता चल सके कि किस क्षेत्र में कौन सा ट्रांसफार्मर की क्या स्थिति है।
बिजली निगम ने एक पोर्टल बनाया है, जिसमें हर क्षेत्र की ट्रांसफार्मर क्षमता सहित उससे सप्लाई हो रही बिजली क्षमता का भी पता चलेगा। खास बात है कि जिस क्षेत्र के लिए ट्रांसफार्मर भेजे जाएंगे।
उसका भी डाटा पहले पोर्टल पर अपडेट करना होगा। उसके बाद ही ट्रांसफार्मर स्टोर से जारी किया जाएगा। इससे फायदा यह होगा कि सप्लाई किए जा रहे ट्रांसफार्मर के डाटा में पारदर्शिता बनेगी। साथ ही किस क्षेत्र में कितने ट्रांसफार्मर और उन पर कितना लोड है वह एक बटन पर क्लिक करने से पता चलेगा। बार-बार फील्ड में उतरकर ट्रांसफार्मर का लोड अपडेट करनी की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एक बार सर्वे करेंगे जेई
बिजली निगम की ओर से पत्राचार किया जा चुका है। एक्सईएन व एसडीओ को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि वे जमीनी स्तर पर सर्वे शुरू करें। जिनके आंकड़े पोर्टल पर अपडेट किए जाएंगे। मैनुअल के साथ ही आनलाइन डाटा भी अपडेट रहेगा। इससे समय की बर्बादी नहीं होगी।
ये होंगे फायदे
ट्रांसफार्मर की संख्या से लेकर लेनदेन में पारदर्शिता आएगी।
बार-बार फील्ड में उतरकर हर ट्रांसफार्मर का लोड अपडेट नहीं करना पड़ेगा।
समय की बचत होगी
एक क्लिक पर पता चल सकेगा किस ट्रांसफार्मर की क्या है स्थिति।
प्रतिदिन स्टोर से कितने ट्रांसफार्मर निकले और कितने अंदर आए सभी का डाटा सटीक होगा
पोर्टल पर भेजनी होगी फोटो सहित अन्य सभी जानकारी
फील्ड में टीम के सदस्य, हर ट्रांसफार्मर की फोटो खींचकर पोर्टल पर अपडेट करनी होगी। ताकि पता रहे कि कौन से क्षेत्र का कितने क्षमता वाला ट्रांसफार्मर है। किस ट्रांसफार्मर की मरम्मत हो या उसे बदलने की जरूरत है, कितने ट्रांसफार्मर कहां भेजने हैं, तमाम जानकारी फोटो सहित पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।

