हरियाणा रोडवेज के इस डिपो को बढ़ा बेड़ा, 10 नई बीएस-6 बस मिली
Haryana Roadways : हरियाणा रोडवेज द्वारा लगातार बेड़े को बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार डिपो को 10 नई बीएस-6 बस मिली है। ऐसे में रोडवेज विभाग द्वारा अब ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवाओं को बढ़ाने की योजना बनाई है।
हालांकि नई बसों को लंबे रुट पर चलाया जाएगा, जबकि उनके बदले में दस बसों को ग्रामीण रुट पर चलाया जाएगा। इन नई बसों के शामिल होने के बाद कुल बसों की संख्या 252 से बढ़कर 262 हो जाएगी। नई बसों के आने से न केवल स्थानीय रूटों पर आवागमन आसान होगा, बल्कि लंबी दूरी की सेवाओं को भी विस्तार मिलने की संभावना है।
रोडवेज के अधिकारियों ने बताया कि नई बसों के शामिल होने से सबसे अधिक फायदा ग्रामीण और लोकल रूटों पर देखने को मिलेगा, जहां यात्रियों की संख्या अधिक होने के बावजूद बसों की कमी महसूस की जाती है।
नई बीएस-6 बसें आधुनिक तकनीक से लैस होंगी और इनमें बेहतर सुरक्षा, आरामदायक सीटिंग व्यवस्था और कम प्रदूषण उत्सर्जन की सुविधा होगी। विभाग की योजना के तहत इन नई बसों को लखनऊ रूट पर चलाने पर विचार किया जा रहा है। यात्री लंबे समय से बसों की मांग कर रहे हैं।

