Movie prime

Haryana Roadways : हरियाणा के इस शहर में बनेगा नया सिटी सर्विस बस अड्डा, रोडवेज विभाग ने दी हरी झंडी 

हरियाणा रोडवेज की सेवाओं को बढ़ाने लिए सरकार की तरफ से अहम कदम उठाए जा रहे है।
 

हरियाणा रोडवेज की सेवाओं को बढ़ाने लिए सरकार की तरफ से अहम कदम उठाए जा रहे है। जहां पर सिटी बस सेवाओं को बढ़ाया जा रहा है और यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक नए बस अड्डे बनाए जा रहे है।

इसी कड़ी में रेवाड़ी के प्रजापति चौक के निकट निर्माणाधीन बस अड्डे के अंदर जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस सिटी सर्विस बस अड्डा बनने जा रहा है। ई-बसों के लिए इसका निर्माण होगा। प्रोजेक्ट के निर्माण पर करीब 14 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

रोडवेज ने इसका ठेका दिल्ली की जानी-मानी एजेंसी दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम लिमिटेड (डीम्स) को सौंप दिया है। निर्माण एजेंसी को तय स्थान की बाउंड्री वॉल पोजीशन यानी जगह सौंप दी गई है और पूरे एरिया का मुआयना करा दिया गया है।

एजेंसी अगले सप्ताह से धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करने जा रही है। नए सिटी सर्विस अड्डे में मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) का रख-रखाव और चार्जिंग की जाएगी।

फिलहाल डिपों में 5 बसें, इसी माह 5 और आएंगी

फिलहाल डिपो में 5 इलेक्ट्रिक बसें मौजूद हैं, जो अभी रेवाड़ी से बावल के बीच संचालित हैं। इसी योजना के अगले चरण में जल्द ही यानी इसी माह के भीतर 5 और नई इलेक्ट्रिक बसें डिपो के बेड़े में शामिल हो जाएंगी।

इन नई आने वाली बसों को नए रूटों पर उतारा जाएगा, जिनमें विशेष रूप से कुछ प्रमुख ग्रामीण रूट भी शामिल होंगे ताकि, गांवों के लोगों को भी इस आधुनिक सेवा का लाभ मिल सके।

भविष्य में रेवाड़ी से गुरुग्राम के बीच भी चलेंगी ई-बसें

भविष्य में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से जिला के अलग-अलग व्यस्त रूटों पर चलाया जाएगा। हालांकि, रोडवेज अधिकारियों के अनुसार फिलहाल तात्कालिक रूप से कोई लिखित प्लान तैयार नहीं है,

लेकिन भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए रेवाड़ी से दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक केंद्र गुरुग्राम (गुड़गांव) के बीच भी इलेक्ट्रिक बसों को चलाने पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है। इससे दैनिक यात्रियों को बेहद कम किराए में प्रदूषण मुक्त और वातानुकूलित (एसी) सफर की सुविधा मिलेगी।

अगले सप्ताह से शुरू होगा काम : जीएम

14 करोड़ रुपये की लागत से सिटी सर्विस बस अड्डा बनेगा, जिसका दिल्ली की "डीम्स' कंपनी को ठेका दिया जा चुका है। 3 एकड़ जगह की बाउंड्री वॉल पोजीशन दे दी गई है। अगले सप्ताह से मौके पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, जिसे 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य है। - निरंजन शर्मा, महाप्रबंधक, रेवाड़ी।

FROM AROUND THE WEB