New Industrial Policy : हरियाणा में जल्द ही आएगी नई औद्योगिक नीति, नौकरियों की आएगी बाहर
नौकरियों की बाहर लाने के लिए हरियाणा सरकार की तरफ से जल्द ही नई औद्योगिक नीति लाई जाएगी। इसमें प्रदेश में नई आईएमटी बनाकर उसमें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उद्योगों और निवेशकों को कई तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। इससे बड़ी संख्या में निवेशक प्रदेश की ओर आकर्षित होंगे, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा दिल्ली के खारी बावली स्थित ड्राई फ्रूट मार्किट, मार्बल मार्किंग और अमृतसर की मजीद मार्किट को हरियाणा में लाने की भी योजना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए नई-नई योजनाएं बनाई जा रही हैं। हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बना हुआ है।
प्रदेश सरकार ने पिछले बजट में 10 नई आइएमटी बनाने की घोषणा की थी। इनमें से छह आइएमटी पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि चार आइएमटी का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी में प्रदेश पहले स्थान पर है। रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर इतना बेहतर है कि साढ़े तीन से चार घंटे में एक कोने से दूसरे कोने में जाया जा सकता है।
दिल्ली एयरपोर्ट, चंडीगढ़ एयरपोर्ट और हिसार एयरपोर्ट की सीधे कनेक्टिविटी है। इन सभी को ध्यान में रखकर निवेशक निरंतर हरियाणा में आ रहे हैं, इससे विकसित भारत में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्च्यून 500 कंपनियों में से 250 हरियाणा में काम कर रही हैं। आटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर ऐसी प्लानिंग के साथ स्थापित किया जा रहा है कि आने वाले 50 सालों तक कोई दिक्कत न आए।
गन्नौर में फ्रूट मंडी बनकर लगभग तैयार है। खारी बावली की ड्राई फ्रूट मार्किट, मार्बल मार्किंग और अमृतसर की मजीद मार्किट के व्यापारियों ने हरियाणा में स्थापित होने वाली मंडी में आने के लिए रूचि दिखाई है।

