सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने दम तोड़ा, मंडप में बैठी रही दुल्हन
RNE, National Desk.
चारों ओर खुशी का माहौल था। बैंड-बाजे से बारात आई थी। स्वागत, द्वार-चार, वरमाला की रस्में हो गई। फेरों के लिए दूल्हा-दुल्हन मंडप में बैठे थे। फेरे शुरू होने ही वाले थे कि अचानक कुछ ऐसा हुआ कि अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे को मंडप से उठाकर हॉस्पिटल ले जाया गया। गांव से बड़े हॉस्पिटल रैफर किया लेकिन वहां पहुंचते जही डॉर्क्स ने मृत घोषित कर दिया।

यह घटना बिहार के बेतिया जिले के मझौलिया गांव की है। यहां 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की बारात पहुंची थी। सभी रस्में होने के बाद फेरे होने ही वाले थे कि अचानक दूल्हे के पेट में दर्द उठा। शुरुआत में इसे मामूली समझा लेकिन असह्य हुआ तो गांव में ही समीप के हॉस्पिटल ले गये। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रैफर कर दिया। ऐसे में रक्सौल के एसआरपीएस हॉस्पिट ले जाया गया जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि शक्तिनाथ तीन भाइयों मंे सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता का देहांत पहले ही हो चुका है। दो बड़े भाई सहित पूरा परिवार इस शादी से प्रसन्न था। ऐसे में मंडप वाले घर में जब दूल्हे के मौत की खबर आई तो हा-हाकार मच गया। मंगल गीतों के सुर करुण क्रंदन में बदल गये। दूल्हा फेरों से पहले ही दुनिया से कूच कर गया और दुल्हन बगैर ब्याहे ही मंडप से उठ गई। हर ओर शादी के मौके पर हुई इस दुखदायी घटना की चर्चा हो रही है।

