Movie prime

Kolkata : सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंके, भीड़ ने घेरा, धक्का-मुक्की हुई 

अभिषेक बोले, ‘मुझे मारने की कोशिश हुई’

ममता ने कहा ' भाजपा समर्थित तत्वों का सुनियोजित हमला'

 

RNE Kolkata.

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले ने राज्य की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। चुनावी हिंसा में प्रभावित परिवार से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी के काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पत्थर, अंडे और अन्य वस्तुएं फेंकी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई सामान्य विरोध नहीं बल्कि उन्हें जान से मारने की कोशिश थी। उन्होंने कहा कि पूरी घटना कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और वे इस मामले को उच्च न्यायालय तथा राज्यपाल के समक्ष उठाएंगे।

add

घटना के बाद अभिषेक बनर्जी को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें कुछ समय के लिए इंटेंसिव थेरेपी यूनिट (आईटीयू) में रखा गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई।

इस बीच टीएमसी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित तत्वों ने सुनियोजित तरीके से हमला कराया और प्रशासन ने पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई। ममता ने कहा कि सत्ता में आने के कुछ ही समय बाद विरोधियों को डराने और दबाने की राजनीति शुरू हो गई है।

वहीं टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने अस्पताल का पत्र सार्वजनिक करते हुए कहा कि अभिषेक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आईटीयू में भर्ती करना पड़ा। टीएमसी नेताओं का आरोप है कि भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने हिंसा को अंजाम दिया।

add33

दूसरी ओर भाजपा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह जनता के आक्रोश की स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी और टीएमसी राजनीतिक लाभ लेने के लिए घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है।

घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने भी राजनीतिक हिंसा पर चिंता जताई है, जबकि टीएमसी ने मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।

FROM AROUND THE WEB