New 6 lane Bypass : हरियाणा का 6 लेन नया बाईपास जोड़ेगा दो शहरों को, 1878 करोड़ रुपए होंगे खर्च
हरियाणा में दो शहरों को जोड़ने के लिए नया बाईपास बनाया जाएगा। 6 लेन जीरकपुर-पंचकूला बाईपास प्रोजेक्ट पर जल्द ही काम शुरू होने वाला है। इसके लिए आए टेंडर की टेक्निकल बिड 29 जनवरी को खोली जाएगी। फरवरी में टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड के आधार पर एजेंसी को कार्य आवंटित किया जा सकता है। इस परियोजना पर कुल 1,878 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने हाल ही में इस प्रोजेक्ट को अंतिम स्टेज-2 वन मंजूरी प्रदान की है। इससे कई माह से ठप पड़े निर्माण कार्य का यस्ता पूरी तरह साफ हो गया है। करीब एक दशक पहले इस 6 लेन बाईपास की योजना बनाई गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह लेट होता रहा। ट्राईसिटी के लिए रणनीतिक रूप से यह प्रोजेक्ट बेहद अहम है। वर्ष 2020 में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी।
बाईपास निर्माण से जीरकपुर, बलटाना, ढकौली और कालका चौक पर ट्रैफिक जाम से लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही दुर्घटनाओं में कमी और ईंधन की बचत भी होगी। इसके अलावा पटियाला, दिल्ली और मोहाली एयरपोर्ट की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को भी शहर में प्रवेश किए बिना सीधे हिमाचल की ओर जाने का रास्ता मिल जाएगा।
दिल्ली से आने वाले सीधे हिमाचल जा सकेंगे
प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के भीतर से गुजरने वाला भारी ट्रैफिक बाहरी मागों पर स्थानांतरित हो जाएगा। इससे यात्रा समय में कमी, सड़क सुरक्षा में सुधार, ईंधन की बचत, जीरकपुर, बलटाना, ढकौली और कालका चौक पर ट्रैफिक जाम में राहत, साथ ही पटियाला, दिल्ली और मोहाली एयरपोर्ट से आने-जाने वाले वाहन बिना ट्राईसिटी के अंदर आए सीधे हिमाचल प्रदेश की ओर जा सकेंगे।
रियल एस्टेट और कनेक्टिविटी को भी इससे जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। ट्राईसिटी की सबसे अहम रोड डी-कंजेशन परियोजना मानी जा रही इस बाईपास से शहर में आने-जाने वाले वाहनों की समस्याओं में सुधार होगा।
रूट और तकनीकी विशेषताएं
यह 19.2 किलोमीटर लंबी एक्सेस कंट्रोल्ड सड़क एनएच-7 (जीरकपुर-पटियाला चौक) से शुरू होकर एनएच-5 (जीरकपुर-परवाणू चौक) तक जाएगी। परियोजना में 6.195 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड सेक्शन, कई पलाईओवर और अंडरपास, पुल और रेलवे ओवरब्रिज, आधुनिक सुरक्षा और ड्रेनेज सिस्टम शामिल हैं।
एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर असीम बंसल ने बताया कि मार्ग में जीरकपुर जंक्शन से शुरू होकर पंचकूला जंक्शन तक 6 फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। रिंग रोड को जोड़ने के लिए एंट्री पॉइंट पर जीरकपुर और एक्जिट पॉइंट पर चंडीमंदिर में फ्लाईओवर बनेंगे। साथ ही पूरे प्रोजेक्ट के बीच में तीन फ्लाईओवर और घग्गर नदी पर छह किलोमीटर का एलिवेटेड मार्ग होगा।

