New Medical College : पंजाब के इस शहर में 428 करोड़ रुपए से 20 एकड़ में होगा नया मेडिकल कालेज का निर्माण
पंजाब व केंद्र सरकार के सहयोग से बनाया जाएगा मेडिकल कालेज
पंजाब हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन द्वारा कपूरथला में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 2026 में टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी है। इसके साथ ही जिला अस्पताल को 300 बेड करने का निर्माण कार्य की बिडिंग के लिए प्रोसेस जारी कर दिया गया है। जिस जगह पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाना है वहां जालंधर की एक फर्म द्वारा पुरानी जर्जर इमारत को ढाहना चालू कर दिया गया है। हालांकि अभी अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग को छेड़ा नहीं गया है।
इस सबंध में सिविल सर्जन डॉ. संजीव भगत का कहना है कि अभी विभाग की ओर से टेंडर कॉल किए गए हैं। आगामी प्रक्रिया के बाद ही कॉलेज का निर्माण शुरु होगा। बता दें कि वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मेडिकल कॉलेज की सौगात दी थी। और केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट को लेकर केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में अपने हिस्से में से राशि भेज भी दी थी।
लेकिन उस समय प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा क्रेडिट लेना शुरू कर दिया गया। जिसके बाद काम बीच में लटक गया था। अब मौजूदा आप सरकार इस मेडिकल कॉलेज को बनाने के दावे करते हुए क्रेडिट लेने में लगी हुई है। जबकि जमीनी स्तर पर इन 5 वर्षों में कपूरथला के मेडिकल कॉलेज के नाम से एक ईंट भी नहीं रखी गई है।
श्री गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज होगा नाम
बेशक अभी मेडिकल कॉलेज नहीं बना लेकिन विभाग की ओर से इसे ड्राडिंग पर तैयार कर दिया गया है। इस कॉलेज का नाम श्री गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रखा गया है। मेडिकल कॉलेज खुलने से 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले शहरों को फायदा होगा। इसके अलावा जालंधर में स्थित पिम्स पर निर्भर रहने वालों मरीजों को भी लाभमिलेगा।
325 करोड़ से बढ़कर 428 करोड़ रुपए हुआ बजट
वर्ष 2020 में केंद्र व पंजाब सरकार द्वारा सकुर्लर रोड पर 20 एकड़ क्षेत्रफल में मेडिकल कालेज बनाए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया था। और इस प्रोजेक्ट पर 60: 40 को अनुदान पर 325 करोड़ रुपए का बजट रखा गया था। वर्ष 2022 में जब प्रदेश में आप की सरकार आई तो मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मेडिकल कॉलेज को जल्द बनाने की घोषणा की। 27 नवंबर 2022 को मुख्यमंत्री मान कपूरथला आए तो उस जगह का मुआयना किया जहां पर कॉलेज बनाया जाना था।
तब उन्होंने घोषणा कि वह अपने कार्यकाल में इस कॉलेज के निर्माण को पूरा करेंगे। अब इस प्रोजेक्ट पर 428.69 करोड़ रुपए खर्च होगें। मेडिकल कॉलेज खुलने से अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी आएंगे। इसलिए 300 बिस्तरों वाले अति-आधुनिक सिविल अस्पताल के अलावा कॉलेज के साथ 10-12 मंजिलों वाले अति-आधुनिक होस्टल का भी निर्माण किए जाने का प्रावधान है।

