New overbridge built : हरियाणा के इस शहर में बनेगा नया ओवरब्रिज, सर्वे करके बनाया एस्टीमेट
हरियाणा सरकार ने ने डबल फाटक क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ आरओबी निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बीएंडआर यहां साढ़े 5 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाएगा। अभी हिसार की इस डबल फाटक 24 घंटे बंद रहता है।
अन्य फाटक ट्रेन आने पर बंद होते हैं और ट्रेन गुजरने के बाद खोल दिए जाते हैं लेकिन डबल फाटक हमेशा बंद रहता है। दोनों तरफ हजारों की आबादी है। फाटक बंद होने से लोगों को 3 से 4 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है। पुल बनने से वाहन चालकों के करीब लाइन पार आने-जाने में 20 मिनट बचेंगे।
हरियाणा सरकार से मंजूरी के बाद अब बीएंडआर की तकनीकी टीम इसका रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार करेगी। इसके बाद मुख्यालय से फंड मांगा जाएगा। प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि अभी निरंकारी भवन रोड फाटक पर ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी नहीं मिली है। यह प्रस्ताव सरकार के पास लंबित है। बीएंडआर अधिकारियों का कहना है कि जल्द इसकी भी मंजूरी मिल सकती है।
नौ से दस मीटर जगह ही मिली, साढ़े पांच मीटर चौड़ा
बीएंडआर ने दोनों रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए सर्वे करवाया था। इस दौरान जमीन की पैमाइश भी हुई। यहां 9 से 10 मीटर जगह ही मिली। यह जगह काफी कम मानी जा रही है। यह रोड नगर निगम की है। इसका रिकॉर्ड भी निगम के पास ही है। सर्वे के दौरान यह पता नहीं चल पाया कि कितनी जमीन पर कब्जे हैं। बीएंडआर के अधिकारियों का कहना है कि दोनों तरफ सर्विस रोड के साथ साढ़े पांच मीटर चौड़े आरओबी के लिए ही जगह बचती है।
ऐसे में इसके आधार पर प्रपोजल बनाकर सरकार के पास भेजा। पहले शहर में एलिवेटेड पुल बनाने की योजना थी। निरंकारी भवन फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज को हिसार के डाबड़ा चौक की ओर एलिवेटेड पुल से जोड़ने की योजना थी। बाद में यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई। अब निरंकारी भवन फाटक पर एक ओवरब्रिज और डबल फाटक पर दूसरा ओवरब्रिज बनेगा।
2017 में मुख्यमंत्री ने की थी आरओबी की घोषणा
सीएम ने 3 नवंबर, 2017 को हिसार में महाबीर कॉलोनी व डाबड़ा चौक से निरंकारी रोड पर आरओबी की घोषणा की थी। घोषणा के अनुसार तहसीलदार हिसार की रिपोर्ट निशानदेही मैन्युअल न करवा सर्वे एजेंसी के माध्यम से करवाई थी। घोषणा के डेढ़ साल बाद भी निगम टेंडर तक नहीं लगा पाया था। बाद में यह प्रोजेक्ट बीएंडआर के पास चला गया।
बीएंडआर एसई अजीत सिंह ने कहा कि डबल फाटक पर आरओबी बनाने को लेकर सरकार ने मंजूरी दे दी है। यहां साढ़े 5 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाया जाएगा। निरंकारी भवन रोड फाटक के आरओबी की मंजूरी अभी तक बाकी है। जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।