New Road : रेवाड़ी की राजस्थान बार्डर तक सफर होगा सुहाना, साढ़े 13 किमी लंबी सड़क से होगी सीधी कनेक्टिविटी
हरियाणा के रेवाड़ी से राजस्थान से नई सड़क के माध्यम से सीधी कनेक्टिविटी होने वाली है। रेवाड़ी से गढ़ी बोलनी होते हुए राजस्थान सीमा तक फर्राटेदार सफर होने वाला है। इसके लिए 13.5 किलोमीटर लंबी कोटकासिम रोड के नवनिर्माण की कवायद अब धरातल पर उतरने लगी है। इसके तहत कसौला चौक के दोनों ओर सीसी रोड के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है।
लंबे समय से जर्जर हालत और गहरे गड्डों के कारण परेशानी का सबब बनी इस सड़क की विशेष मरम्मत पर लोक निर्माण विभाग करीब 8 करोड़ रुपए खर्च करने जा रहा है। परियोजना की खास बात यह है कि इसमें जलभराव वाली जगहों को चिन्हित कर वहां डामर के बजाय सीमेंट कंक्रीट (सीसी) का इस्तेमाल किया जाएगा। शहर के अंबेडकर चौक से लेकर कसौला चौक तक के हिस्से को फोर लेन का नवनिर्माण किया जाएगा,
जबकि इससे आगे राजस्थान बॉर्डर तक यह मार्ग टू-लेन का नवनिर्माण किया जाएगा। इस निर्माण से एक दर्जन से अधिक गांवों के निवासियों और राजस्थान की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। विभाग ने इस पूरे प्रोजेक्ट को आगामी दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि राहगीरों को जल्द से जल्द सुरक्षित और सुगम सफर की सुविधा मिल सके।
जलभराव के चलते कसौला चौक व गढ़ी बोलनी में 1.50 किलोमीटर सीमेंट कंक्रीट रोड बनाई जाएगी
इस महत्वपूर्ण मार्ग पर कई स्थानों पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे डामर की सड़क बार-बार टूट जाती है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने विशेष रणनीति अपनाई है। कसौला चौक के दोनों ओर और गढ़ी बोलनी गांव के भीतर करीब 1.50 किलोमीटर के हिस्से में विशेष रूप से सीमेंट कंक्रीट (सीसी) रोड का निर्माण किया जाएगा। कसौला चौक पर इस निर्माण कार्य की शुरुआत भी की जा चुकी है ताकि भविष्य में पानी जमा होने पर भी सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर कोई असर न पड़े।
कसौला चौक पर सीसी रोड बनाने का काम हुआ शुरू, आवागमन में होगी राहत
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सत्येंद्र कुमार ने बताया कि कोटकासिम रोड के नवनिर्माण की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी और अब कसौला चौक पर सीसी रोड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। अगले दो महीनों के भीतर इस पूरी सड़क का निर्माण कार्य संपन्न कर लिया जाएगा ताकि जनता को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

