देश में बनेगा रामायण आधारित विश्वविद्यालय, सरकार ने लिया फैसला
उत्तरप्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों का विस्तार हो रहा है। अयोध्या में महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय के संचालन के लिए अनुमति पत्र मिल गई है। वहीं गाजियाबाद में ‘अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय’ की स्थापना के लिए आशय पत्र जारी किया गया है। इन दोनों विश्वविद्यालयों को सरकार ने तय समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्वीकृति प्रदान की है। कुछ समय पहले ही दोनों विश्वविद्यालयों के प्रस्ताव को कैबिनेट में स्वीकृति मिली थी।
शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट, दिल्ली द्वारा प्रस्तावित महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अधिनियम, 2025 के तहत अधिसूचित किया गया है। अब यह विश्वविद्यालय नियमानुसार अपना संचालन शुरू कर सकेगा।
वहीं, गाजियाबाद में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग सोसाइटी द्वारा प्रस्तावित अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की धारा-6 के तहत आशय पत्र जारी किया गया है। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए न्यूनतम मानकों को पूरा करना अनिवार्य है।
इसमें पांच करोड़ रुपये की सुरक्षा राशि जमा होगी। शहरी क्षेत्र में 20 एकड़ भूमि और कम से कम 24 हजार वर्ग मीटर का शैक्षणिक भवन अनिवार्य है। आशय पत्र जारी करते समय उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल, विशेष सचिव निधि श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।