बस स्टॉप से युवती को बहला-फुसलाकर ले गए, पुलिस ने सीमा पर घेराबंदी कर बचाया
जबरन शादी और मानव तस्करी की साजिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार
RNE Indore.
इंदौर में नौकरी की तलाश में निकली एक युवती को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मानव तस्करी और जबरन विवाह के इस प्रयास को मध्यप्रदेश पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया और युवती को सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस के अनुसार बैतूल निवासी युवती इंदौर में काम करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान शाहपुर बस स्टॉप पर कुछ लोगों ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अपने वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद युवती को राजस्थान ले जाकर एक व्यक्ति से जबरन शादी कराने और बदले में रुपये लेने की योजना बनाई गई थी।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी:
युवती को जब अपनी खरीद-फरोख्त की साजिश का पता चला तो उसने विरोध किया। आरोपियों ने उसे जान से मारने और कहीं अन्य जगह बेच देने की धमकी दी। भय और दबाव के बीच भी युवती ने हिम्मत नहीं हारी और मौका मिलते ही आगर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी।
लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने किया रेस्क्यू :
सूचना मिलते ही डायल-112, कंट्रोल रूम और थाना बड़ौद पुलिस सक्रिय हो गई। तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर राजस्थान सीमा से लगे क्षेत्रों में सघन घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान ईश्वर सिंह बागरी नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इन सबके बीच एक बार फिर यह इस बात पर चिंतित करती है कि रोजगार की तलाश में निकली युवतियां मानव तस्करों के निशाने पर हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्या इससे पहले भी ऐसी वारदातें की गई हैं।

