Movie prime

Train Seat full : मुंबई, गुजरात, राजस्थान और साउथ की ट्रेनों में नहीं हो रही बुकिंग, हवाई जहाज का किराया 40 प्रतिशत बढ़ा 

चंडीगढ़ से बाहर घूमने जाने वालों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। युद्ध के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) महंगा होने से डोमेस्टिक फ्लाइट्स का किराया 30-40 फीसदी तक बढ़ गया है
 

गर्मियों की छुट्टियों में बाहर घूमना लोगों के लिए परेशानी को बढ़ा दिया है।  चंडीगढ़ से बाहर घूमने जाने वालों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। युद्ध के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) महंगा होने से डोमेस्टिक फ्लाइट्स का किराया 30-40 फीसदी तक बढ़ गया है।

लोग फ्लाइट्स छोड़कर ट्रेनों का रुख कर रहे हैं। इस वजह से लंबी दूरी की ट्रेनों में एक महीना पहले बुकिंग के बावजूद कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पूरे देश में भारी रश के कारण अब ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाना भी मुश्किल हो रहा है।

भीषण गर्मी के कारण सबसे ज्यादा मारामारी एसी कोचेस में है, जहां पिछले दो साल में बुकिंग 40-50 फीसदी तक बढ़ी है। मुंबई, गुजरात, राजस्थान और साउथ जाने वाली ट्रेनों में 'रिग्रेट' (बुकिंग बंद) लिखा आ रहा है।

स्लीपर में 200 तक वेटिंग, एसी में जगह नहीं

अमृतसर-चंडीगढ़ मुंबई पश्चिम एक्सप्रेसः किसी भी क्लास में कंफर्म सीट नहीं है। स्लीपर में 100 से 200 तक वेटिंग है, जबकि थर्ड, सेकंड और फर्स्ट एसी में 'नो रूम' है। यात्री वेटिंग टिकट भी नहीं ले पा रहे हैं।

गोवा संपर्क क्रांतिः एसी में 'नो रूम' चल रहा है। ट्रैवल एजेंट्स के मुताबिक, विंडो केवल तभी खुलती है जब कोई ग्रुप टिकट कैंसिल करवाता है।

हवाई किराया दोगुना होने से बिगड़ा बजट, 30 से 40% घटी बुकिंग

ट्रैवल एजेंट वनीत शर्मा और एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी से फ्लाइट्स में 30-40% बुकिंग घट गई है।
श्रीनगरः पहले किराया 11,000 रुपये था, जो अब 22 से 23,000 रुपये हो चुका है। लोग फ्लाइट के बजाय टैक्सी से जा रहे हैं, क्योंकि इतने बजट में 5-7 लोग टैक्सी से आ-जा सकते हैं।
दिल्लीः एक-दो दिन पहले या इमरजेंसी में टिकट लेने पर वन-साइड का किराया ही 9,000 से 10,000 रुपये तक बैठ रहा है।
गोवाः अप्रैल से सितंबर के बीच चंडीगढ़ से 25-30 हजार टूरिस्ट गोवा जाते हैं। पिछले साल रिटर्न टिकट 15-16 हजार रुपये था, जो अब 22-25 हजार रुपये का मिल रहा है। इस वजह से कई लोगों ने प्लान टाल दिया है।

दुबईः दुबई फ्लाइट बंद है। दिल्ली से भी सिर्फ एक ही स्लॉट जा रहा है। इस वजह से दिल्ली-दुबई का टिकट 40-50 हजार रुपये में मिल रहा है। एक महीना पहले बुक करने पर भी किराया 36-40 हजार रुपये है।

रेलवे का पक्षः स्पेशल ट्रेनें चलाईं, यात्री इतने ज्यादा कि कंफर्म सीट मुश्किल निश्चित तौर पर फ्लाइट का फेयर बढ़ने से ट्रेनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। 

रेलवे प्रवक्ता के अनुसार रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए वीकली स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। उत्तर रेलवे ने बनारस, धनबाद और पटना के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन यात्रियों की तादाद इतनी ज्यादा है कि इसके बावजूद कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो रहा है।

FROM AROUND THE WEB