DRUCC Meeting : बैठक में उठे यात्री हित के मुद्दे
RNE Bikaner
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर में शुक्रवार को चतुर्थ मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक आयोजित हुई। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्री सुविधाओं, रेल परियोजनाओं और बीकानेर मंडल के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बीकानेर मंडल की प्रमुख उपलब्धियों, वर्तमान में चल रही परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने किया।
यात्री सुविधाओं से लेकर नई ट्रेनों तक पर चर्चा :
बैठक में समिति सदस्यों ने यात्री सुविधाओं में विस्तार, स्वच्छता, रेल लाइनों के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण, नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, समय पालन और रेल संरक्षा सहित कई मुद्दे उठाए।
इसके अलावा रेल परियोजनाओं तथा बीकानेर मंडल के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर भी सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
डिजिटल विकास और रेल राजस्व पर भी फोकस :
बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बीकानेर मंडल में किए जा रहे डिजिटल विकास से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। इसके साथ ही रेल राजस्व में वृद्धि से संबंधित विषयों पर भी समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की गई।
चनात्मक सुझावों के लिए सदस्यों का जताया आभार :
बैठक के समापन पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं समिति के सचिव वीरेन्द्र जोशी ने सदस्यों की ओर से दिए गए रचनात्मक सुझावों की सराहना की। उन्होंने रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए भविष्य में भी इसी तरह सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में समिति के सदस्य अनिरुद्ध दाधीच, आकाश फ्रेंड, मधुरिमा सिंह, पवन कुमार, हरमेश कुमार, दीपचंद महला, गंगाराम मेघवाल, हर्ष कंसल, नरसिंह सेवग, सुनील हर्षवाल, अनन्तवीर जैन और हरीश गोस्वामी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक आर.एस. चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मुकेश यादव, सीनियर डीएसटीई रणसिंह गोदारा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आदित्य लेघा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक साहिल गर्ग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) विष्णु चौधरी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, सहायक वाणिज्य प्रबंधक लालचंद कुम्हार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक (FS), मुख्य कार्यालय अधीक्षक मनोज कुमार बिस्सा, पवन गौतम सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

