Udaipur News : अब उदयपुर में होगी इलेक्ट्रिक इंजन की देखरेख, इलेक्ट्रिक लोको ट्रिप इंस्पेक्शन शेड बनाया
उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिक लोको ट्रिप इंस्पेक्शन शेड की स्थापना की है। इसके निर्माण से सिटी रेलवे स्टेशन पर ही इलेक्ट्रिक इंजन की सार संभाल होने लगेगी। अब तक इलेक्ट्रिक कोच की सार संभाल अजमेर सहित अन्य स्टेशनों पर की जाती रही है। संचालन दक्षता और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देते हुए उदयपुर स्टेशन पर नया ट्रिप शेड और स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किया है। अजमेर मंडल की गति शक्ति यूनिट व अन्य विभागों के समन्वय व सहयोग से नया ट्रिप शेड और उससे जुड़ा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर शुरू किया है।
शेड में यह काम होगा इलेक्ट्रिक लोको ट्रिप इंस्पेक्शन शेड भारतीय रेलवे में इलेक्ट्रिक इंजनों के लिए निरीक्षण और मामूली मरम्मत की सुविधा होती है। जहां इंजनों का गहन निरीक्षण, सफाई और सुरक्षा प्रणालियों की जांच की जाती है, ताकि यात्रा के बीच में कोई खराबी न आए और लोको सुरक्षित रहे। पैटोग्राफ और ब्रेक सिस्टम का भी निरीक्षण किया जाता है।
प्लेटफॉर्म का काम अप्रेल तक पूरा होगा
लाइन 9 और 10 पर शेष ओएचई कार्य भी आगामी ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान पूरा कर लिया जाएगा। नई लाइन नंबर 10 पर प्लेटफॉर्म नंबर 6 का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ये विकास रेल बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, माल और यात्री दोनों सेवाओं के लिए निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए अजमेर मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह बनाया गया
उदयपुर स्टेशन पर शुरू किए ट्रिप शेड में दो इंस्पेक्शन पिट और एक टीआरडी ऑफिस/डिपो बिल्डिंग बनाई है। स्टेबलिंग लाइन नंबर 9 को रनिंग लाइन में बदलने से उदयपुर स्टेशन की संचालन क्षमता बढ़ेगी, एक नई प्लेटफॉर्म लाइन नंबर 10 की शुरुआत होने से बेहतर कनेक्टिविटी व संचालन हो सकेगा। ट्रिप शेड के लिए ओएचई कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

