Movie prime

Railway : दादर-हनुमानगढ़ एक्सप्रेस को लालगढ स्टेशन पर मंत्री मेघवाल ने दिखाई झंडी

 

RNE Bikaner.

बीकानेर के लालगढ़ स्टेशन पर गाड़ी संख्या 14708/07 दादर-हनुमानगढ़-दादर का उद्घाटन केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। मेघवाल ने कहा, इस गाड़ी के चलने से यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी।यह ट्रेन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हनुमानगढ़ तक बढ़ाई गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा तथा यात्रा सुगम होगी।

hh

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। DRM गोविल ने मंडल पर चल रही परियोजनाओं एवं विकास कार्यों के बारे में अवगत करवाते हुए बताया कि भविष्य में भी बीकानेर रेल मंडल यात्रियों की सुविधा हेतु लगातार सार्थक प्रयास करता रहेगा।
जानिए कब, कहाँ से चलेगी ट्रेन : 
14708 दादर- हनुमानगढ प्रतिदिन रेलसेवा दिनांक 23.08.25 से दादर से 12.35 बजे रवाना होकर दूसरे दिन लालगढ स्टेशन पर 11.37 बजे आगमन व 11.39 बजे प्रस्थान कर 16.55 बजे हनुमानगढ पहुॅचेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 14707, हनुमानगढ-दादर प्रतिदिन रेलसेवा दिनांक 25.08.25 से हनुमानगढ से 05.25 बजे रवाना होकर लालगढ स्टेशन पर 08.55 बजे आगमन व 08.57 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 7:10 बजे दादर पहुंचेगी।
लूणकरणसर, सूरतगढ़, पीलीबंगा और हनुमानगढ़ के यात्री अब सीधे मुंबई जा सकेंगे : 
केन्द्रिय मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि दादर-लालगढ़ के बीच चलने वाली रणकपुर एक्सप्रेस के हनुमानगढ़ तक विस्तार करने से अब लूणकरणसर, सूरतगढ़, पीलीबंगा और हनुमानगढ़ के यात्री सीधे मुबंई जा सकेंगे। उन्होने कहा कि मुबंई जाने वाली ट्रेन को जल्द ही श्रीगंगानगर तक भी विस्तारित किया जाएगा। 
जल्द शुरू होगी बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत : 
उन्होंने बीकानेर से दिल्ली वंदे भारत रेल सेवा को लेकर कहा कि यह ट्रेन जल्द शुरू होगी। साथ ही कहा कि यह ट्रेन आत्मनिर्भर भारत का हिस्सा है। भारत के इंजीनियर्स ने इसे तैयार किया है। इसमें बैठने पर फिलिंग हवाई जहाज जैसी है। इसमें रिवाल्विंग चेयर है, ऑफिस का कार्य भी कर सकेंगे।बीकानेर का यात्री सुबह 5.45 यहां से रवाना होकर दिल्ली जाकर रात को 11 बजे वापस घर आकर सो सकेगा।
बीकानेर रेलवे स्टेशन लालगढ़ से भी चार गुना ज्यादा सुंदर बनेगा : 
मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना अंतर्गत लालगढ़ रेलवे स्टेशन का विकास किया गया है जो किसी होटल की तरह नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि ये रेलवे स्टेशन नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले भी था और अब भी है लेकिन फर्क देख लिजिए। उन्होंने कहा कि बीकानेर रेलवे स्टेशन इससे भी चार गुना ज्यादा सुंदर तैयार होगा। साथ ही बताया कि लालगढ़ रेलवे स्टेशन भी देश के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल होने जा रहा है। यहां तीन वॉशिंग लाइन पहले ही मिल चुकी है। यहां के हैरिटेज वर्कशॉप का भी मॉर्डनाइजेशन किया जाएगा। 
जनरल क्लास से पट्टे हटाने और चार्जिंग सुविधा देने में योगदान : 
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर उन्होने रेल में जनरल क्लास में सफर कर उनकी समस्याएं जानी। अर्जुनसर से बीकानेर के सफर के दौरान लूणकरणसर की एक महिला ने उन्हें पीठ पर पचियो ( फोड़ा/दुखणियो ) होने और पट्टे पर सो नहीं पाने की मजबूरी बताई। वहीं एक महिला ने मोबाइल फोन चार्जिंग के लिए स्लीपर या एसी क्लास में जाने पर धक्का देने की बात कही तो दोनों ही बातों को पीएम तक पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री जी ने भी तत्कालीन रेलमंत्री को बुलाकर दोनों सुविधाओं को देशभर में लागू करने के निर्देश दिए। आज ये दोनों सुविधा रेल के जनरल क्लास में मिल रही है ।
खाजूवाला से जैसलमेर तक जाएगी रेललाइन : 
मेघवाल ने बताया कि खाजूवाला के लिए भी बड़ा कार्य हुआ है। खाजूवाला से जैसलमेर तक नई रेल लाइन जाएगी। इसके सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। इसमें कोई महत्वपूर्ण जगह जुड़ने से छूट ना जाए। इसका विशेष ध्यान रखना है। 
इस अवसर पर डीआरएम गौरव गोविल, सत्यप्रकाश आचार्य, अखिलेश प्रताप सिंह, गुमानसिंह राजपुरोहित, अशोक प्रजापत, संपत पारीक, सीएमएचओ डॉ पुखराज साध, पार्षद लक्ष्मी कंवर हाडला, केन्द्रीय मंत्री के निजी सहायक तेजाराम मेघवाल, दिलीप पुरी, नरसिंह सेवग, अनिल शुक्ला, महावीर सिंह, करणाराम, बिरजू उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन रवि शुक्ला ने किया।
उद्घाटन समारोह में लालगढ स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (TRD) जितेंद्र कटारिया, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शैलेष चौधरी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(सामान्य) आदित्य लेघा, मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय पिसे, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, धीरज थानवी सहित अनेक रेलवे अधिकारी/कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, यात्री एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

FROM AROUND THE WEB