Railway Bikaner : काउंटर से टिकट खरीदने वाले 45 पैसे देकर ले सकते हैं 10 लाख तक बीमा, जानिए क्या है योजना!
Railway Bikaner Division : आरक्षित टिकटों पर वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना 27 अक्टूबर से!
Rudra News Express Bikaner.
रेलवे ने अब आरक्षण काउंटरों (PRS) से आरक्षित टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना (Optional Travel Insurance Scheme–OTIS) 27 अक्टूबर 2026 से लागू की है। अब तक ई-टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को मिलने वाली यह सुविधा काउंटरों से टिकट बुक कराने वालों को भी मिलेगी।
सीनियर DCM जोशी ने बताई योजना :
Bikaner Division Railway के सीनियर DCM वीरेन्द्र जोशी के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य यात्रा के दौरान संभावित रेल दुर्घटना अथवा निर्धारित अप्रिय घटनाओं से संबंधित बीमा सुरक्षा का वैकल्पिक लाभ उपलब्ध कराना है। यह बीमा सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी अर्थात वैकल्पिक होगी। टिकट बुक कराते समय आरक्षण कर्मचारी यात्रियों को इस सुविधा की जानकारी देंगे तथा उनकी सहमति के अनुसार बीमा का विकल्प दर्ज करेंगे। जो यात्री बीमा सुविधा नहीं लेना चाहते, वे स्पष्ट रूप से मना कर सकेंगे।
कैसी योजना, क्या लाभ :
- रेल एक्सीडेंट में मृत्यु पर 10 लाख।
- स्थायी पूर्ण दिव्यांगता पर 7.5 लाख।
- आंशिक दिव्यांगता पर 2 लाख।
- अस्पताल में भर्ती होने पर 10 हजार तक खर्च।
- पार्थिव शरीर के परिवहन से संबंधित बीमा लाभ।
कैश पेमेंट में नहीं मिलेगी सुविधा :
बीमा सुविधा का लाभ लेने के इच्छुक यात्रियों के लिए वैध मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। बीमा प्रीमियम का भुगतान टिकट किराये के साथ डिजिटल माध्यम से ही किया जाएगा। यात्रियों को बीमा पॉलिसी के लागू नियमों एवं शर्तों की जानकारी भी दी जाएगी।
काउंटर्स पर चल रही तैयारी :
योजना के क्रियान्वयन के लिए बीकानेर मंडल के सभी संबंधित आरक्षण कार्यालयों एवं UTS-cum-PRS केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत आरक्षण काउंटरों पर यात्रियों की जागरूकता के लिए सूचना बोर्ड एवं नोटिस लगाए जाएंगे तथा आरक्षण एवं बुकिंग कर्मचारियों को योजना की प्रक्रिया, यात्री की सहमति दर्ज करने, प्रीमियम भुगतान और आवश्यक विवरण सही तरीके से दर्ज करने के संबंध में निर्देशित किया जाएगा।

