Movie prime

Railway Reservation : बीकानेर की एक ट्रेन में 24 घंटे पहले बन रहा रिजर्वेशन चार्ट, ट्रायल सफल रही तो देशभर में लागू होगा मॉडल
 

Railway News
बीकानेर रेल मंडल में अवध-आसाम एक्सप्रेस से शुरू हुई ट्रायल
दिल्ली में ट्रेनिंग, फाइंडिंग्स पर बात, देशभर में लागू होगा मॉडल
 
railway news

RNE Bikaner.
 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीकानेर दौरे पर जहां नई ट्रेन शुरू करने सहित कई सौगातें मिली वहीं इस दौरान साथ आए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को अधिकारियों ने रिजर्वेशन को लेकर एक सुझाव भी दिया। यह सुझाव रेलवे रिजर्वेशन कन्फर्मेशन चार्ट को लेकर था। सुझाव रेलमंत्री वैष्णव को इतना पसंद आया कि उन्होंने तुरंत इसे ट्रायल के तौर पर लागू करने का आदेश दे दिया। इस ट्रायल की जिम्मेदारी भी बीकानेर रेल मंडल को ही दी गई। ऐसे में अब रेलमंत्री के आदेश पर ट्रायल शुरू हो गया है। इसके नतीजों का देशभर में विश्लेषण किया जा रहा है। अधिकारियों की दिल्ली मंे मीटिंग भी हुई है। उम्मीद है कि ट्रायल से मिलने वाले नतीजों के आधार पर देशभर में यह मॉडल लागू किया जाएगा।
 

जानिये रेलमंत्री वैष्णव को क्या सुझाव दिया: 
 

मंत्री वैष्णव को बताया गया कि ट्रेन में रिजर्वेशन चार्ट 04 घंटे पहले तैयार होता है। ऐसे में यात्रियों को समय रहते यह पता नहीं चल पाता कि वे कन्फर्म टिकट पर यात्रा कर पाएंगे या नहीं। ऐसे में ऐनवक्त पर टिकट कन्फर्म नहीं हेाने से लोग या तो यात्रा स्थगित करने पर मजबूर होते हैं या ट्रेन में बगैर कन्फर्म टिकट ही चढ़ जाते है। ऐसे में जहां यात्रियों को परेशानी होती है। वही ट्रेन के कोच भी ओवरलोड होते हैं। इससे टिकटों में भ्रष्टाचार होने की गुंजाइश से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों ने कहा कि चार की बजाय 24 घंटे पहले चार्ट बन जाएं तो यात्री को यह पता रहेगा कि उसकी सीट कन्फर्म है या नहीं। सीट कन्फर्म नहीं है तो दूसरे विकल्प मौजूद रहेंगे। मसलन, फ्लाइट, बस आदि। 
 

मंत्री वैष्णव को पसंद आया सुझाव, बीकानेर मंडल से ही ट्रायल:
 

बताया जाता है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को यह सुझाव इतना पसंद आया कि उन्होंने बीकानेर से दिल्ली जाते ही इस दिशा में काम शुरू करने का निर्देश दे दिया। इसके साथ ही ट्रायल की जिम्मेदारी भी बीकानेर रेल मंडल को दी गई। ऐसे में मंत्री के आदेश पर बीकानेर रेल मंडल ने लंबी दूरी की एक ट्रेन से रिजर्वेशन की यह ट्रायल शुरू की है। यह ट्रेन अवध-आसाम एक्सप्रेस है। बीकानेर के लालगढ़ रेलवे स्टेशन से आसाम तक चलने वाली इस ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ज अब 24 घंटे पहले तैयार हो रहा है। तय समयावधि तक चलने वाली इस ट्रायल के नतीजों के साथ ही जल्द ही रेलवे बोर्ड दिल्ली में मीटिंग होगी। इसमें बीकानेर की इस ट्रेन में किये जा रहे एक्सपेरिमेंट के नतीजों पर चर्चा होगी। इसी आधार पर कुछ और सुधार करने या इसी अनुरूप देशभर में यह मॉडल लागू करने पर विचार होगा।
 

जानिये क्या कहते हैं अधिकारी:
 

बीकानेर रेलवे मंडल के सीनियर डीसीएम भूपेश यादव कहते हैं, अभी एक्सपेरिमेंट के तौर पर बीकानेर मंडल की एक ट्रेन में 24 घंटे पहले चार्ट प्रिपेयर करने का क्रम शुरू किया गया है। इस मॉडल को बाकी ट्रेनों में लागू करने या नहीं करने या इसमें सुधार करने पर निर्णय रेलवे बोर्ड लेगा।
 

जानिये क्या कहते हैं यात्री: 
 

बीकानेर से दिल्ली के बीच अवध आसाम ट्रेन में यात्रा कर रहे युवराज आचार्य ‘युवी’ का कहना है, हमें परिवार के साथ दिल्ली जाना था। बीकानेर से दिल्ली चलने वाली ट्रेन में कोई सीट नहीं मिल रही थी। इस ट्रेन का चार्ट 24 घंटे पहले तैयार हो जाने से यह पता चल गया कि इसमें  चार्ट बनने के बाद भी कुछ सीटें खाली हैं। ऐसे में यह हमारे लिये एक बेहतर विकल्प हो गया।