Railway Special : गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, भावनगर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन चलेगी
गर्मियों की छुट्टियों से पहले ही रेलवे विभाग द्वारा ट्रेनों में भीड़ कम करने के लिए प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है
गर्मियों की छुट्टियों से पहले ही रेलवे विभाग द्वारा ट्रेनों में भीड़ कम करने के लिए प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है। जिन रुटों पर ज्यादा भीड़ रहती है, वहां से अभी से ट्रेनों का संचालन की योजना बना रही है। इसी कड़ी में रेलवे विभाग की तरफ से भावनगर टर्मिनस और हरिद्वार के बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों के लिए विशेष साप्ताहिक ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।
यह समर स्पेशल ट्रेन 12 अप्रैल 2026 से हर रविवार को संचालित होगी और मई 2026 तक चलेगी। ट्रेन नंबर 09271 भावनगर टर्मिनस से हर रविवार सुबह 4:25 बजे रवाना होकर सोमवार दोपहर 3 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09272 हरिद्वार से सोमवार शाम 4:25 बजे चलकर बुधवार सुबह 4:35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 8-8 फेरे लगाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे। मार्ग में सिहोर, बोटाद, विरमगाम, गांधीनगर, पालनपुर, आबूरोड, जोधपुर, मेड़ता रोड, हिसार, भिवानी, रोहतक, पानीपत, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा। टिकटों की बुकिंग 10 अप्रैल से शुरू होगी।
यात्री आईआरसीटीसी वेबसाइट और रिजर्वेशन काउंटर से टिकट बुक कर सकेंगे। रेलवे ने इसे विशेष किराए पर चलाने का निर्णय लिया है, ताकि गर्मी के मौसम में यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके। रेल यात्री एसोसिएशन के प्रधान आकाश ने बताया कि हिसार के साथ हांसी में स्टॉपज रहेगा।

