Movie prime

Rail News Update रेलवे ने चार्ट नियमों में किया बदलाव, अब चार की बजाए आठ घंटे पहले तैयार होगा चार्ट  

अभी आरक्षण चार्ट ट्रेन छूटने से चार घंटे पहले तैयार होता है
 

रेलवे विभाग द्वारा रेल यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार बदलाव किए जा रहे है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार्ज बनाने के नियमों में बदलाव किया है। सबसे बड़ा परिवर्तन आरक्षण प्रणाली में होगा। टिकटों की बुकिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा। मुसाफिरों को ट्रेन छूटने से आठ घंटे पहले पता चल जाएगा कि उनका टिकट कन्फर्म है या नहीं।

अभी आरक्षण चार्ट ट्रेन छूटने से चार घंटे पहले तैयार होता है, जिससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को असुविधा होती है। विशेषकर दूर-दराज वाले यात्रियों को अंतिम समय तक स्थिति स्पष्ट न होने से समस्या होती है। नई आरक्षण प्रणाली दिसंबर 2025 तक लागू हो जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इन सुधारों की समीक्षा की और कई बड़े निर्णय लिए। तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों को भी सख्त किया जाएगा।


रेलवे बोर्ड के प्रस्ताव के अनुसार, जिन ट्रेनों को दोपहर दो बजे से पहले रवाना होना होगा, उनका आरक्षण चार्ट एक दिन पहले रात नौ बजे तक बना दिया जाएगा। इससे प्रतीक्षा सूची वालों को उनके कन्फर्मेशन की स्थिति की जानकारी पहले हो जाएगी। इससे जरूरत पड़ने पर वे वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था कर सकेंगे। प्रस्ताव पर रेल मंत्री ने मंजूरी दे दी है। उनका कहना है कि टिकट बुकिंग प्रणाली पारदर्शी, सहज और प्रभावी होनी चाहिए। यात्रियों के अनुभव को केंद्र में रखकर ही सभी प्रणालियों को अत्याधुनिक बनाया जाए। टिकट बुकिंग से लेकर यात्रा तक का हर चरण तकनीक आधारित और यात्रियों के अनुकूल होना चाहिए।


नई आरक्षण प्रणाली को आसान बनाने का काम सेंटर फार इन्फार्मेशन सिस्टम को दिया गया है। नई प्रणाली वर्तमान क्षमता से लगभग 10 गुना ज्यादा सक्षम होगी। बुकिंग क्षमता भी बढ़ जाएगी। अभी एक मिनट में 32 हजार टिकट बुक होता है। नई प्रणाली में डेढ़ लाख से ज्यादा टिकट बुक होने लगेंगे। पूछताछ की क्षमता भी बढ़ जाएगी। अभी प्रत्येक मिनट चार लाख पूछताछ की क्षमता है, जो बढ़कर 40 लाख तक पहुंच जाएगी।


नई प्रणाली में कई अन्य सुविधाएं भी होंगी। आरक्षण फार्म अलग-अलग कई भारतीय भाषाओं में भी भरे जा सकते हैं। अपनी पसंद की सीट चुनने का भी विकल्प होगा। दिव्यांगजनों, छात्रों और मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। किराये का कैलेंडर होगा, जिससे पता चलेगा कि किस दिन किराया कितना है।