Regular Train : हिसार से शुरू होकर राजस्थान होते हुए दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेन हुई रेगुलर, अब किराया भी कम लेगा
हरियाणा के हिसार से शुरू होकर राजस्थान होते हुए दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेन को रेलवे विभाग द्वार नियमित कर दिया है। अब इस ट्रेन में यात्रा के लिए यात्रियों को किराया भी कम देना पड़ेगा, क्योंकि पहले यह ट्रेन स्पेशल चलती थी। इसके कारण यात्रियों को इस ट्रेन में ज्यादा किराया देना पड़ता था।
अब रेलवे विभाग ने हरियाणा व राजस्थान के साथ कई राज्यों के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेल मंत्रालय ने 07717/18 काकीनाड़ा टाउन हिसार स्पेशल ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की मंजूरी दी है। जल्द ही यह ट्रेन नए नंबर 17295/96 के साथ नियमित रूप में संचालित होगी।
इससे पहले यह ट्रेन स्पेशल के रूप में चलाई जा रही थी। इसके चलते यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ता था। अब यह ट्रेन काकीनाड़ा टाउन (आंध्र प्रदेश) से हर गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रवाना होकर शनिवार रात करीब 11:15 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं हिसार से यह ट्रेन हर रविवार रात 11:15 बजे (23:15 बजे) रवाना होगी।
यह ट्रेन रिंगस, लोहारू, अजमेर, रतलाम होते हुए हैदराबाद तक जाती है, इससे उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। अब तक स्पेशल ट्रेन होने के कारण इसमें डेढ़ गुना तक किराया लिया जाता था, लेकिन नियमित होने के बाद यात्रियों को सामान्य किराए पर सफर की सुविधा मिलेगी। इससे आम यात्रियों, कामकाजी लोगों, छात्रों और दक्षिण भारत जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
बता दें कि दक्षिण भारत के लिए सीधी ट्रेन की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इस ट्रेन के नियमित संचालन से हिसार क्षेत्र के यात्रियों को हैदराबाद सहित कई प्रमुख शहरों के लिए बेहतर और सस्ती यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आने वाले समय में यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

