Skip to main content

कांग्रेस ने गंगापुर विधायक रामकेश मीणा को विधानसभा में प्रतिपक्ष का उपनेता बनाया

RNE, Network.

कांग्रेस ने अपने दो विधायकों को राजस्थान विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष और चीफ व्हिप बनाया है। इनमें गंगापुर से विधायक रामकेश मीणा को राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इसी तरह आदर्श नगर के विधायक रफीक खान को चीफ व्हिप नियुक्त किया है।

विधानसभा में टीकाराम जूली पहले से कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष हैं। ऐसे में अब फ्लोर मैनेजमेंट, रणनीति से लेकर विधायी कार्यों तक के लिये राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के तौर पर कांग्रेस की टीम लगभग पूरी हो गई है।

खास संदेश देती हैं उपचुनाव से पहले दो नियुक्तियां:

कांग्रेस के जनरल सेक्रेट्री के.सी.वेणुगोपाल ने सोमवार रात को इन दोनों नियुक्तियों का आदेश जारी किया। इसके साथ ही इन नियुक्तियों के राजनीतिक मायने भी लगाये जाने लगे हैं। मायने यह है कि राजस्थान में पांच सीटों पर विधानसभा उपचुनाव है। ऐसे में कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, उपनेता प्रतिपक्ष और चीफ व्हिप जैसे चार प्रमुख पदों पर एससी, एसटी, ओबीसी, जाट, अल्पसंख्यक चेहरे लाकर सबको साधने का संदेश दिया है।

जानिये कौन, क्या!

रामकेश मीणा को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। वे गंगापुर से 2008, 2018 और 2023 के तीन चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में इन्होंने भाजपा के मानसिंह गुर्जर को लगभग 21 हजार वोटों से हराया। इसी तरह चीफ व्हिप नियुक्त हुए रफीक खान आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक है और कांग्रेस में अल्पसंख्य चेहरे के तौर पर पहचान बढ़ा रहे हैं। वर्ष 2023 के चुनाव में जहां उन्होने भाजपा के रवि नैयर को हराया वहीं पिछले यानी 2018 के चुनाव में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को हराकर विधायक बने।