Skip to main content

मौसम : ठंडी हवा व बादलों से शुरू हुआ शनिवार, आज बारिश के आसार

RNE, BIKANER.

ठंडी ठंडी हवा और आकाश में उमड़ते बादलों ने बीकानेर में शनिवार का स्वागत किया। गर्मी पूरी तरह से गायब हो जाने के कारण सुबह बहुत सुहावनी थी। सावन बीकानेर… उक्ति सुबह सुबह ही सही चरितार्थ हो रही थी। लोग बड़ीं संख्या में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे। कॉलोनियों के पार्क भी आज आबाद थे।

पश्चिमी राजस्थान की तरफ मानसून

पूर्वी राजस्थान को पूरी तरह से भिगो देने के बाद अब मानसून पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इसके प्रभाव से शनिवार को बीकानेर, जोधपुर व अजमेर संभाग में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर – पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना मानसूनी परिसंचरण तंत्र जगह बदल रहा है।

दो दिन हाड़ौती में जमकर बरसा

पिछले दो दिन मानसून हाड़ौती अंचल में जमकर बरसा है। इस कारण वहां की कई नदियां उफान पर है। कई मार्ग अवरुद्ध है। 24 घन्टे में सबसे ज्यादा बारिश बूंदी के हिंडौली क्षेत्र में 220 मिमी दर्ज की गई। उसके बाद बीकानेर के कोलायत में 172 मिमी बारिश दर्ज हुई।

आज बीकानेर में बारिश सम्भव

मौसम केंद्र के अनुसार आज बीकानेर में बादल छाये रहेंगे और बारिश की संभावना है। बारिश के कारण तापमान पूरी तरह गिर गया है। रातें ठंडी हो गई है। कल बीकानेर का अधिकतम तापमान गिरकर 28.4 व न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री पर आ गया।