Skip to main content

मौसम : ठंडी सुबह, आकाश साफ, मंद हवा, मौसम सुहावना

  • मानसून पूरी तरह विदा, तीसरे सप्ताह से होगी हल्की ठंड

RNE, BIKANER. 

रविवार की सुबह बीकानेर में ठंडी थी। रात की ठंड का सुबह भी असर था। आकाश साफ था। हल्की हवा ने मौसम को बेहतर बनाया हुआ था। अब बीकानेर में सुबह ठंडी रहने लग गई। गर्मी का जरा भी अहसास सुबह नहीं होता। लोग भी मॉर्निंग वॉक के लिए बड़ी संख्या में निकलते हैं। इस कारण भोर से ही सड़कों पर चहल पहल रहने लगी है।


राज्य से मानसून पूरी तरह विदा

मौसम विभाग के अनुसार अब राज्य से मानसून पूरी तरह विदाई ले चुका है। इस बार ये 5 दिन देरी से विदा हुआ है। मौसम शुष्क होने के कारण अब राज्य में तापमान में उतार चढ़ाव शुरू हो गया है। दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले दो – तीन दिन तापमान में इसी तरह का उतार चढ़ाव होगा।


शहरों में रातें ठंडी रहने लगी

मौसम विभाग के अनुसार अब राज्य के शहरों में दिन भले ही गर्म रहें मगर रातें ठंडी रहने लग गई है। इस महीनें के तीसरे सप्ताह से हल्की ठंड होने की संभावना विभाग ने जताई है।


बीकानेर आज शुष्क रहेगा

बीकानेर में आज मौसम शुष्क रहेगा। रात ठंडी होगी मगर दिन में तापमान अधिक रहेगा। दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर अब बीकानेर में रहने लग गया है। कल बीकानेर में अधिकतम तापमान 36.8 व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा।