Skip to main content

मौसम : मुस्कुराते बादलों, ठंडी हवा ने सावन के सोमवार का स्वागत

  •  बीकानेर में बारिश के आसार
  •  राज्य में जमकर बरस रहे बादल

RNE, BIKANER. 

मुस्कुराते काले बादलों व ठंडी हवा ने बीकानेर में सावन के सोमवार की सुबह का स्वागत किया। ठंडी हवा मौसम को बहुत सुहावना बनाये हुए थी। लोगों को गर्मी से सुबह पूरी तरह निजात मिली हुई थी। अच्छे मौसम के कारण आज भी बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे। कॉलोनियों के पार्क भी आज आबाद थे। मौसम आभाष दे रहा था कि आज बीकानेर में मानसून अपना जलवा दिखायेगा।

राज्य में मानसून सक्रिय

कल मानसून झालावाड़, उदयपुर, पाली, माउंट आबू व भरतपुर पर मेहरबान रहा। इन स्थानों पर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज के लिए कोटा, बारां व झालावाड़ के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

कल जैसलमेर में आई बाढ़

जैसलमेर में कल सावन की पहली बारिश हुई और उसने सीजन का आधा कोटा पूरा कर दिया। 24 घन्टे की तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गये। गड़ीसर तालाब भी ओवरफ्लो हो गया। जगह जगह पानी भर गया। घरों में भी पानी घुस गया।

आज बीकानेर में बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार आज बीकानेर में बादल रहेंगे और बारिश की भी संभावना है। कल अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रहा।