तिजोरी खुलवाने में लगे 2500, भीतर से निकला 1 रुपया, 2005 से बंद नगर निगम, जोधपुर की तिजोरी की कहानी
RNE Network.
जोधपुर नगर निगम के पुराने कार्यालय में वर्षों से बंद पड़ी तिजोरी उस समय मजाक और चर्चा का विषय बन गयी, जब उसे खुलवाने पर अंदर से महज 1 रुपया निकला।
हैरानी की बात यह रही कि तिजोरी को खुलवाने की प्रक्रिया में निगम को करीब 2500 रुपये खर्च करने पड़े। नगर निगम के पुराने कार्यालय की साफ सफाई और रिकॉर्ड सत्यापन के दौरान अधिकारियों की नजर इस तिजोरी पर पड़ी। बताया गया कि यह तिजोरी 2005 में लाई गयी थी। चाबी उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे तकनीकी रूप से खुलवाने का निर्णय लिया गया।
इसके लिए कारीगर बुलवाया गया, आवश्यक उपकरण मंगवाए गये और सुरक्षा व्यवस्था की गई। जिस पर कुल मिलाकर लगभग 2500 रुपये का खर्च आया।
काफी मशक्कत के बाद जब तिजोरी खुली तो उसमें न तो कोई महत्त्वपूर्ण दस्तावेज मिला और न ही कोई नकद राशि। सिर्फ 1982 का एक रुपये का सिक्का निकला। इस दृश्य ने मौजूद लोगों को हैरान करने के साथ हंसी का भी मौका दे दिया।

