Movie prime

PM Surya Ghar में श्रेष्ठ उपलब्धि के लिए राजस्थान को 6 पुरस्कार, ऊर्जा मंत्री ने डिस्कॉम्स चेयरमैन को चार अलग - अलग श्रेणियों में प्रदान किए अवॉर्ड 

रूफटॉप सोलर स्थापना, आवेदन और वेंडर रजिस्ट्रेशन में उत्कृष्ट उपलब्धि पर केंद्र सरकार ने किया सम्मानित

 

RNE Jaipur-New Delhi. 

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। योजना के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में भारत सरकार ने राजस्थान को कुल 6 पुरस्कारों से सम्मानित किया। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया।

राजस्थान की ऊर्जा सचिव एवं डिस्कॉम्स की चेयरमैन आरती डोगरा ने राज्य की ओर से चार अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार ग्रहण किए। यह सम्मान राज्य में रूफटॉप सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण माना जा रहा है।

चार प्रमुख श्रेणियों में मिला सम्मान : 

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आयोजित समारोह में 90 लाख से 1.50 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं वाले राज्यों की श्रेणी में मई माह के दौरान सर्वाधिक आवेदन, इंस्टॉलेशन, निरीक्षण और वेंडर रजिस्ट्रेशन के आधार पर राजस्थान को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अलावा देश के सर्वश्रेष्ठ 10 जिलों की श्रेणी में जयपुर जिले को सातवां स्थान मिलने पर भी सम्मानित किया गया। जयपुर डिस्कॉम की अधीक्षण अभियंता (पीएम सूर्यघर) महिमा साराभाई ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

राजस्थान के वेंडर को भी राष्ट्रीय सम्मान : 

योजना के तहत उत्तर भारत में मई माह के दौरान सर्वाधिक रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन करने पर मिलन सौर ऊर्जा केंद्र को भी वेंडर श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया। इस तरह राजस्थान ने विभिन्न श्रेणियों में कुल *6 राष्ट्रीय पुरस्कार* अपने नाम किए।

मई में बने रिकॉर्ड :

* 39,279 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया
* 27,700 आवेदनों का भौतिक सत्यापन हुआ
* 26,632 रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए
* 177 नए वेंडरों को योजना से जोड़ा गया

स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ी उपलब्धि : 

ऊर्जा विभाग का मानना है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के माध्यम से राजस्थान में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिली है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता अब अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।

FROM AROUND THE WEB