AAP MLA गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मौत, पुलिस कर रही जांच- कैसे लगी गोली?
Jan 11, 2025, 10:39 IST

RNE Network Punjab. पंजाब से एक बड़ी और बुरी खबर आई है। यहां आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मौत ही गई है। गोली विधायक गोगी के सिर में लगी। ऐसे में यह सुसाइड है, दुर्घटना है या कोई और कारण है इस पर अभी संशय बना हुआ है। पुलिस भी मामले की तह तक पहुँचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल उनके शव का पोस्टमार्टम होना है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से भी कुछ हद तक कारण का खुलासा होने का अनुमान है।
घटना यह है : घटना बीती रात लगभग 12 बजे की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उन्हें रात लगभग 12 बजे गोली लगने के बाद लुधियाना के डीएमसी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लुधियाना के DCP जसकरन सिंह तेजा का कहना है, डॉक्टर पोस्टमार्टम करेंगे, जिसके बाद मौत की सही वजह सामने आएगी। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। पूरी जांच होने के बाद मौत की वजह का पता लग सकेगा। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आनी बाकी है। दूसरी ओर अलावा घटना की खबर ज्यों-ज्यों फैल रही है त्यों-त्यों गुरप्रीत गोगी के घर और फिर अस्पताल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा बढ़ रहा है।
कांग्रेस छोड़ आए, आप से विधायक बने : गुरप्रीत गोगी लुधियाना पश्चिम से आम आदमी पार्टी के विधायक थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की थी। बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले गुरप्रीत गोगी कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। गोगी पिछले करीब 23 साल से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय थे। नगर निगम में वे तीन बार पार्षद चुने गए थे। उनकी पत्नी डॉ. सुखचैन बस्सी भी एक बार पार्षद रह चुकी हैं। 2014 से 2019 तक कांग्रेस के जिला प्रधान भी रह चुके हैं। इसके अलावा भी गोगी ने पार्टी के विभिन्न पदों पर काम किया है। https://youtu.be/xbC9iT0lVAU


