ACB raids : राजस्थान में वीडीओ व उसका बेटा एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा
एसीबी सिरोही की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अनादरा ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मीलाल और उसके पुत्र अखिलेश कुमार को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सिरोही को एक शिकायत मिली कि परिवादी के ग्राम आमला खेड़ा ग्राम पंचायत अनादरा में अपनी पत्नी के नाम से क्रयशुदा आवासीय भूखण्ड पर निर्माण स्वीकृति जारी करने एवं परिवादी की ओर से अपने आवासीय भूखण्ड के सीमांकन के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से पूर्व में निर्मित सीसी सडक क्षतिग्रस्त हो जाने पर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई नहीं करने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लाल की ओर से एक लाख रुपए की रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा था।
इस पर सिरोही एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के नेतृत्व में बुधवार को कार्रवाई कर आरोपी ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मीलाल की ओर से अपने पुत्र अखिलेश की परिवादी से उसके जायज कार्य के एवज में एक लाख रुपए रिश्वत प्राप्त कर उसके पुत्र को मौके से भगा दिया। इस पर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ कर आरोपी ग्राम विकास अधिकारी की सहायता से आरोपी उसके पुत्र अखिलेश कुमार की निशानदेही पर उसकी कॉलोनी के खाली प्लॉट में गाड़ी हुई रिश्वती राशि एक लाख रुपए बरामद की गई।

