Action Against Liquor Mafia : 28 दिन, 5.33 लाख लीटर वॉश नष्ट, 1972 मामले, 900 गिरफ्तार, 85 वाहन जब्त
Namit Mehta के निर्देश पर प्रदेशभर में कार्रवाई
RNE Jaipur-Rajasthan.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी विशेष अभियान में आबकारी विभाग ने बड़ा एक्शन लेते हुए 5 लाख 33 हजार 614 लीटर वॉश (कच्चा घोल) नष्ट कर दिया है। एक मई से 28 मई तक चले अभियान में 1972 अभियोग दर्ज, 900 लोगों की गिरफ्तारी और 85 वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई है। सरकार की इस मुहिम को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे व्यापक कार्रवाई माना जा रहा है।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और लगातार छापेमारी की जा रही है। अभियान के दौरान 7044 लीटर देशी शराब, 8943 लीटर भारतीय निर्मित विदेशी मदिरा (आईएमएफएल), 19,743 लीटर बीयर, 13,025 लीटर हथकड़ शराब तथा 30 लीटर स्प्रिट जब्त की गई है। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।
प्रदेशभर में ताबड़तोड़ दबिशें :
अभियान के तहत कई जिलों में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पालीमें आबकारी निरोधक दल और रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंग्रेजी शराब बरामद कर मामला दर्ज किया गया। झालावाड़ के चौमहला क्षेत्र में 8 हजार लीटर वॉश और अवैध शराब की भट्टियां नष्ट की गईं, जबकि 170 लीटर हथकड़ शराब जब्त हुई। दौसा और बांदीकुई के रामगढ़ पचवारा क्षेत्र में 4 हजार लीटर वॉश और पांच अवैध भट्टियां ध्वस्त कर 72 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई।

भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ सख्त संदेश:
आयुक्त नमित मेहता का कहना है, राज्य सरकार द्वारा हाल के दिनों में भ्रष्टाचार, मादक पदार्थों और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ इस विशेष अभियान को भी सरकार के कानून व्यवस्था और सुशासन के एजेंडे से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।

