लव मेरिज से नाराज राजस्थान के परिजन बेंगलुरू पहुंचे, लड़की को गाड़ी में डाल भागे, 6 को कुचला
राजस्थान से 4 लोग पहुंचे थे बेंगलुरु, 21 साल की युवती ने 8-9 महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी; अपहरण के बाद मची सड़क पर अफरा-तफरी, 3 गिरफ्तार, ड्राइवर फरार
Rudra News Express Bengluru-Rajasthan.
राजस्थान में परिवार की मर्जी के खिलाफ की गई एक लव मैरिज का विवाद करीब 2,000 किलोमीटर दूर बेंगलुरु तक पहुंच गया। यहां अग्रहारा दसराहल्ली इलाके में रहने वाली 21 वर्षीय युवती को उसके परिवार की ओर से भेजे गए चार लोगों ने घर से उठा लिया। युवती ने करीब 8-9 महीने पहले राजस्थान के ही रहने वाले 23 वर्षीय ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद दोनों बेंगलुरु में रहने लगे थे।
घटना बुधवार को हुई। युवती को जबरन Hyundai Venue में बैठाकर आरोपी वहां से भागने लगे। स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया तो फरार होने की कोशिश में कार कई वाहनों से टकरा गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ड्राइवर सद्दाम फरार बताया जा रहा है।

पहले प्यार, फिर शादी… और बेंगलुरु में नई जिंदगी :
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के मेलवास गांव की रहने वाली पूजा ने करीब नौ महीने पहले ओम प्रकाश से शादी की थी। परिवार इस शादी के खिलाफ था। शादी के बाद दोनों राजस्थान छोड़कर बेंगलुरु आ गए और अग्रहारा दसराहल्ली में रहने लगे। करीब आठ-नौ महीने बाद कथित तौर पर परिवार की ओर से चार लोग बेंगलुरु पहुंचे। पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने युवती के ठिकाने का पता लगाया और बुधवार को उसे घर से जबरन अपने साथ ले गए।
कार में डालकर भागे, लोगों ने पीछा किया :
आरोपियों ने युवती को Hyundai Venue कार में बैठाया। कार का नंबर RJ 22 CC 9691 था। युवती को ले जाते समय लोगों को घटना का पता चला और उन्होंने कार का पीछा शुरू कर दिया। इसके बाद सड़क पर जो हुआ, उसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। पुलिस के मुताबिक, कार तेज और लापरवाही से भगाई गई और इस दौरान कई वाहनों को टक्कर लगी।

छह लोग घायल, महिला ICU में :
हादसे में छह लोग घायल हुए। इनमें 12 वर्षीय पृथ्वीराज, 9 वर्षीय यशिका, 35 वर्षीय अमूल, 64 वर्षीय मणि, 57 वर्षीय जयलक्ष्मी और 33 वर्षीय संतोष शामिल हैं। जयलक्ष्मी के सिर में चोट लगी है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।
तीन गिरफ्तार, चौथा फरार :
पुलिस ने राजस्थान के रहने वाले राकेश (31), करण (25) और अयान (18) को गिरफ्तार किया है। कार चला रहा सद्दाम अभी फरार है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया है। स्थानीय लोगों ने कार को रोककर आरोपियों को पकड़ लिया। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोगों द्वारा आरोपियों को कार से बाहर निकालते हुए देखा गया।
बुआ की भूमिका जांच के दायरे में :
पुलिस को शक है कि युवती की बुआ ने कथित तौर पर ड्राइवर सद्दाम से संपर्क किया था। युवती शादी के बाद भी अपनी बुआ के संपर्क में थी और इसी माध्यम से परिवार को उसके बेंगलुरु स्थित ठिकाने की जानकारी मिलने की आशंका जताई जा रही है।

