RudraNewsExpress_Logo

Arnab : आंध्र तट से टकराया अति भीषण चक्रवात, राजस्थान में पूर्वी हवाओं, पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
 

 

Rudra News Express Jaipur. 

अति भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट से टकराया। बंगाल की खाड़ी में बने इस चक्रवात के प्रभाव से राजस्थान में भी मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के सीधे राजस्थान पहुंचने का पूर्वानुमान नहीं है। इसके प्रभाव से पूर्वी हवाएं सक्रिय हो सकती हैं। ऐसे में  29-30 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने की संभावना है जिससे प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम बदलेगा। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर-जोधपुर संभाग में भी बारिश का अलर्ट है। 

जयपुर-भरतपुर बारिश-ओलावृष्टि : 

भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में 29-30 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका भी है।

बीकानेर-जोधपुर में बारिश का अनुमान : 
जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी 29-30 अक्टूबर को मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, सीमावर्ती इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बिपरजॉय ने राजस्थान में कहर मचाया था :

"अर्णब" की आहट ने राजस्थानवासियों में तूफान "बिपरजॉय" जैसी आशंका को जन्म दे दिया है। दरअसल जून 2023 में चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के प्रभाव से बाड़मेर, जालोर, जोधपुर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई थी तथा कई स्थानों पर जलभराव के हालात बने थे। कई लोगों की जान भी गई थी।

अर्णब बंगाल की खाड़ी में शक्तिशाली चक्रवात के रूप में विकसित हुआ और "बिपरजॉय" गुजरात तट से टकराने के बाद सीधा राजस्थान पहुंचा था। दोनों की तुलना केवल हवा की रफ्तार के आधार पर नहीं की जा सकती।  "अर्णब" इसके विपरीत राजस्थान से लगभग 1500 किमी दूर टकराया है। तूफान का रास्ता, उसकी गति, जमीन से टकराने के बाद उसकी तीव्रता आदि से उससे होने वाले नुकसान का अनुमान लगाया जाता है। राजस्थान के लिए फिलहाल मौसम विभाग ने आंधी-बारिश की आशंका जताई है।  राजस्थान में तेज हवाओं, बिजली गिरने, बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का अनुमान है।

FROM AROUND THE WEB