RudraNewsExpress_Logo

त्योहारों से पहले भजनलाल सरकार का एक्शन प्लान, जोखिम आधारित जांच, सैंपलिंग पर जोर

 

Rudra News Express Jaipur. 

त्योहारों के सीजन में आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान की भजनलाल सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती की तैयारी कर ली है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मिलावट रोकने के लिए जोखिम आधारित जांच, प्रभावी सैंपलिंग और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गायत्री राठौड़ ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिन खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका अधिक रहती है, उन पर विशेष निगरानी रखी जाए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर कार्रवाई करें और मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैंपल लिए जाने के बाद उनकी जांच भी निर्धारित समय में पूरी हो, ताकि मिलावट साबित होने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई में अनावश्यक देरी न हो।

सैंपलिंग से लेकर कोर्ट तक होगी मॉनिटरिंग : 

बैठक में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा से जुड़े मामलों की पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। इसमें सैंपल लेने, जांच, जिम्मेदारी तय करने, कानूनी कार्रवाई और न्यायालय में मामलों की पैरवी तक की प्रक्रिया शामिल है। लंबित मामलों में जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

बिना पर्ची मिलने वाली दवाओं पर भी नजर : 

त्योहारी खाद्य सामग्री के साथ बाजार में बिना डॉक्टर की पर्ची के मिलने वाली OTC दवाओं की सैंपलिंग को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसी दवाओं की नियमित जांच कर उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी। निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप दवा नहीं मिलने पर जांच और कानूनी कार्रवाई में देरी नहीं करने के निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया से भी जागरूकता : 

सरकार अब खाद्य और दवा सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को जागरूक करेगी। आमजन को मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान, खाद्य सामग्री के सही भंडारण और उपयोग तथा दवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। दवा खरीदते समय लेबल, निर्धारित मात्रा और उपयोग अवधि जांचने तथा एक्सपायर्ड या संदिग्ध दवाओं का इस्तेमाल नहीं करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह, औषधि नियंत्रक अजय पाठक और संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB