Rajasthan Vidhansabha में बोले भजनलाल-खेजड़ी को बचाएंगे, कानून लाएंगे
RNE Jaipur.
राजस्थान के बीकानेर में चल रहे खेजड़ी बचाओ आंदोलन और महापड़ाव के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खेजड़ी बचाने के लिए बड़ी घोषणा की है। सीएम भजनलाल ने विधानसभा में घोषणा की है कि खेजड़ी बचाने के लिए कानून लाएंगे। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चल रही बहस का जवाब देते हुए गुरुवार शाम को सीएम भजनलाल ने यह घोषणा की। इससे पहले कई विधायकों ने गुरुवार को भी विधानसभा में बहस के दौरान यह मुद्दा उठाया था।
जानिये क्या बोले सीएम भजनलाल :
हमें बिगड़ते हुए पर्यावरण की चिंता भी करनी है। राजस्थान के कल्पवृक्ष को बचाने की चिंता भी करनी है। उर्जा के बिना विकास की हम कल्पना भी नहीं कर सकते किंतु विकास और विरासत दोनों को संजोने का काम मिलकर करना है।
सदन के माध्यम से राजस्थान की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि राजस्थान के कल्पवृक्ष को बचाने के लिए कानून भी लाएंगे। माह अगस्त में पर्यावरणप्रेमी, संत मुझसे मिले। बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर आदि स्थानों से आए थे। इसी समय खेजड़ी बचाने के लिए कानून बनाने के निर्देश दे दिये थे। प्रक्रिया पूरी होते ही सदन में इसका मसौदा प्रस्तुत करेंगे।
पर्यावरण बचाना और ऊर्जा बनाना दो काम साथ :
सीएम भजनलाल ने कहा, खेजड़ी के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने उसे राज्यवृक्ष घोषित कर रखा है। घोषित राज्यवृक्ष को बचाने के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करना हेागा। दुनिया बिगड़ते हुए पर्यावरण से चिंतित है। कई विश्वस्तरीय सम्मेलन हुए। इनमें हमारे देश ने भी हिस्सा लिया। तय हुआ है कि दुनियाभर मेंकार्बन उत्सर्जन रोकने के लिए साझा अभियान चलाया जाए। इसलिए कोयला आधारित ऊर्जा संयत्रों के स्थान पर जल ऊर्जा, पवन ऊर्जा, सौर ऊर्जा आदि वैकल्पिक उपायों को बढ़ावा दिया जाए। यह बताते हुए प्रसन्नता है कि देश में उत्पादित सौर उर्जा का 27 फीसदी हिस्सा राजस्थान उत्पादित कर रहा है। इसमें राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार के उपक्रमों के साथ एमओयू किया है।

