RudraNewsExpress_Logo

राजस्थान की थाली पर बड़ा खतरा : बीकानेर में घी, जयपुर में तेल, उदयपुर में दूध, सिरोही, सीकर, करौली, पाली, अजमेर, हनुमानगढ़,अलवर में बासी मिठाइयां
 

 

Rudra News Express Jaipur-Bikaner. 


राजस्थान में लोग जिस खाने को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा समझकर बेफिक्र होकर खा रहे हैं, उसकी गुणवत्ता को लेकर सरकारी कार्रवाई ने चिंताजनक तस्वीर सामने रख दी है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान कहीं हजारों लीटर संदिग्ध तेल मिला, कहीं सैकड़ों लीटर दूध नष्ट कराया गया और कई जिलों में बासी और दूषित मिठाइयां, मावा, घी और अन्य खाद्य सामग्री पकड़ी गई।

यह कार्रवाई सिर्फ कुछ दुकानों तक सीमित नहीं है। शनिवार को ही प्रदेशभर में 60 प्रतिष्ठानों की जांच और 101 खाद्य नमूनों की सैंपलिंग की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 1,150 किलो/लीटर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

जयपुर में मूंगफली के नाम पर बिक रहे तेल में क्या?

p

जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को एक प्रतिष्ठान पर 6,900 लीटर संदिग्ध मूंगफली तेल मिला। बाजार भाव से काफी कम कीमत पर तेल बिकता मिलने के बाद मिलावट की आशंका हुई और पूरा स्टॉक सीज कर दिया गया। अब इस तेल की प्रयोगशाला जांच होगी। रिपोर्ट बताएगी कि तेल वास्तव में मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।  इस कार्रवाई ने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि अगर हजारों लीटर तेल संदिग्ध हालत में बाजार में मौजूद था, तो वह कितना बिक चुका था और कितने लोगों की रसोई तक पहुंच चुका था?

उदयपुर में 600 लीटर दूध ने बढ़ाई चिंता : 

उदयपुर में 600 लीटर संदिग्ध और दूषित दूध नष्ट कराया गया। दूध ऐसी खाद्य वस्तु है जिसका इस्तेमाल सीधे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक करते हैं। यही वजह है कि बड़ी मात्रा में संदिग्ध दूध का सामने आना खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत माना जा सकता है।

मिठाइयों की भी खुली पोल : 

मिठाइयों को लेकर भी तस्वीर परेशान करने वाली रही। जयपुर द्वितीय, सिरोही, सीकर, करौली, पाली, अजमेर, हनुमानगढ़ और अलवर में कुल 265 किलो बासी और दूषित मिठाइयां नष्ट कराई गईं। यानी एक साथ इतने जिलों में ऐसी मिठाइयां पकड़ी गईं, जिन्हें लोगों को बेचने की तैयारी थी।

बीकानेर में घी और तेल, दूसरे जिलों में मावा : 

बीकानेर में 65 किलो संदिग्ध घी और खाद्य तेल नष्ट कराया गया। पाली, खैरथल-तिजारा, भीलवाड़ा और अजमेर में कुल 148 किलो मावा और दुग्ध उत्पाद कार्रवाई की जद में आए। इसके अलावा अजमेर, बाड़मेर, हनुमानगढ़ और जोधपुर में 72 किलो अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

101 सैंपल लिए गए, अब रिपोर्ट का इंतजार : 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 101 नमूने लिए। इनमें 54 प्रवर्तन और 47 निगरानी नमूने शामिल हैं। इन नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और साफ होगी। अगर जांच में खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाए जाते हैं तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई से ज्यादा बड़ा है यह सवाल : 

सरकार का “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान मिलावटखोरों पर कार्रवाई का दावा कर रहा है, लेकिन शनिवार की कार्रवाई ने एक असहज सवाल भी सामने ला दिया है कि अगर विभाग की टीमें एक ही दिन में राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों से इतना संदिग्ध और खराब खाद्य पदार्थ पकड़ रही हैं, तो क्या बाजार में खाद्य सामग्री की नियमित निगरानी पर्याप्त है?

FROM AROUND THE WEB