Movie prime

RPSC भर्ती पोर्टल में सेंधमारी: फर्जी SSO से 3 अभ्यर्थियों के आवेदन वापस, साइबर थाने में मामला दर्ज

 

RNE Jaipur.

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर भर्ती-2024 में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी एसएसओ (SSO) और ई-मेल आईडी का इस्तेमाल कर शॉर्टलिस्ट किए गए तीन अभ्यर्थियों के आवेदन गैर-कानूनी तरीके से वापस (Withdraw) करवा दिए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी तकनीकी रूप से दक्ष व्यक्ति ने अवैध तरीके से भर्ती पोर्टल में लॉगइन कर 29 दिसंबर 2025 को इन तीनों आवेदनों को रद्द कर दिया। हैरानी की बात यह है कि उस दिन आयोग की ओर से आवेदन वापस लेने के लिए कोई विंडो या सुविधा खुली ही नहीं थी।

मामले का खुलासा होने पर आयोग ने सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग से जांच करवाई। विभाग की रिपोर्ट में पोर्टल से छेड़छाड़ और फर्जी पहचान के उपयोग की पुष्टि होने के बाद आरपीएससी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

आयोग ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पोर्टल में सेंधमारी कर अभ्यर्थियों के आवेदन वापस कराने के पीछे कौन लोग शामिल थे और उनका उद्देश्य क्या था।

आरपीएससी ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

FROM AROUND THE WEB