Movie prime

Sleeper Bus Catches Fire : जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही बस खाक, 09 झुलसे, 01 की मौत

 

RNE, Jaisalmer- Banaskantha.

जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट एसी स्लीपर बस में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से एक की पालनपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।

हादसा गुजरात के बनासकांठा जिले के धानेरा क्षेत्र में सुबह करीब 3.30 बजे हुआ। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस में धुआं भरने और आग की लपटें उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

यात्रियों ने किसी तरह बस के पिछले हिस्से में बने इमरजेंसी गेट से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आग के बीच से बाहर निकलते समय कई यात्रियों के हाथ और चेहरा झुलस गया, जबकि कूदने के दौरान भी कई को चोटें आईं। सभी घायलों को धानेरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गंभीर रूप से झुलसे एक यात्री की पालनपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गुजरात पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों से भी हादसे को लेकर पूछताछ की जा रही है।

स्वागत ट्रैवल्स की यह बस जैसलमेर के नाचना से अहमदाबाद के बीच संचालित होती है। बस शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे नाचना से रवाना हुई थी। गुजरात सीमा में प्रवेश करते ही बस में अचानक धुआं भर गया और देखते ही देखते आग लग गई।

बस में कुल 16 यात्री सवार थे। इनमें से 9 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि 7 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों का सारा सामान, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए।

FROM AROUND THE WEB