Movie prime

लापरवाह अधिकारियों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सख्ती, वेतन वृद्धि और पेंशन रोकने की कार्रवाई

 

RNE Network.
 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने विभागीय जांच के प्रक्रियाधीन 19 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए वार्षिक वेतन वृद्धियां और पेंशन रोकने की कार्रवाई की है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सेवा के चार सेवारत अधिकारियों के विरुद्ध शास्ति के प्रकरणों में आरोप प्रमाणित होने पर वेतन वृद्धियां रोकने का निर्णय लिया है। इसी प्रकार, नियम 16 सीसीए के तहत जांच के 7 प्रकरणों में 8 सेवानिवृत्त अधिकारियों की समानुपातिक पेंशन रोकने का अनुमोदन भी किया है। मुख्यमंत्री ने पुनरावलोकन याचिकाओं पर विचार करते हुए चार प्रकरणों में दण्ड को यथावत रखा है।

वहीं, एक प्रकरण में दण्ड में संशोधन कर सीमित किया है। मुख्यमंत्री ने भारतीय वन सेवा के एक अधिकारी को राहत प्रदान करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई को लिखित अभिकथन के स्तर पर समाप्त करने का निर्णय लिया है। साथ ही, दो अन्य प्रकरणों में भी पूर्णतया आरोपों के प्रमाणित नहीं होने पर चार अधिकारियों को दोषमुक्त किया है।

FROM AROUND THE WEB