CM भजनलाल का Sikar दौरा: 1,277 करोड़ के 83 विकास कार्यों की सौगात, यमुना जल परियोजना पर भी जोर
Rudra News Express Sikar-Jaipur
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को सीकर जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दर्शन और पूजा-अर्चना से की। इसके बाद मुख्यमंत्री फतेहपुर पहुंचे, जहां चिड़िया कॉलेज खेल मैदान में आयोजित आमसभा एवं लाभार्थी जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में शेखावाटी क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों से जुड़े 1,277.007 करोड़ रुपये की लागत के 83 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
राजेंद्र राठौड़ ने भैरोंसिंह शेखावत को याद किया:
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने शेखावाटी के विकास और यमुना जल परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत के शेखावाटी तक यमुना का पानी लाने के सपने का भी जिक्र किया।
वहीं, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शेखावाटी के लंबे समय से चले आ रहे जल संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने यमुना जल परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके तहत चूरू में जल संरचना के निर्माण से पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही युवाओं के रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सरकारी प्रयासों का उल्लेख किया।
विरासत से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक का जिक्र :
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में शेखावाटी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र की हवेलियों, बावड़ियों और धार्मिक स्थलों को इसकी समृद्ध विरासत का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट और यमुना जल परियोजना से जुड़े सरकार के प्रयासों की जानकारी भी दी।
सीएम बोले - विकास प्राथमिकता:
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी के विकास के लिए सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार की योजना का भी उल्लेख किया। युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों, प्रशासनिक सुधारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया और आमजन से विकास कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, लाभार्थी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

