RudraNewsExpress_Logo

CM Bhajanlal Dipawali Walk : दीवाली की रात बाजार में निकले सीएम भजनलाल!

Jaipuir : सीएम ने सांगानेरी गेट से न्यू गेट तक पैदल घूमकर देखी सजावट, आमजन को दी शुभकामनाएं

 

Rudra News Express Jaipur. 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली की रात सपरिवार जयपुर के परकोटा पहुंचकर आमजन से आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। रास्ते में जगह-जगह पर आमजन ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ बच्चों को दुलार कर चॉकलेट दी, युवाओं से हाथ मिलाया तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के आमजन के बीच रहकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया होते हुए न्यू गेट तक आमजन के साथ पैदल घूमकर बाजार की सजावट को देखा। इस दौरान जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी, पार्षद पुनीत कर्नावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज की बधाई : 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को संदेश दिया कि दीपोत्सव पर्व हमारी संस्कृति की आत्मा और परिवार की एकजुटता का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें मर्यादा, सेवा, त्याग और जनकल्याण का मार्ग दिखाते हैं। 

सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को हम सभी अपने त्योहारों में उतारें, जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटें, पर्यावरण का ध्यान रखें तथा स्थानीय उत्पादों को अपनाकर कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर ऐसा राजस्थान बनाएं, जहां हर घर में खुशहाली हो, युवाओं के सपने साकार हों तथा हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य व समृद्धि की प्रार्थना की है।

FROM AROUND THE WEB