RudraNewsExpress_Logo

Bikaner में CM Bhajanlal सेवा संकल्प यात्रा के राइडर्स से मिले, बोले- मोदी ने सामाजिक सरोकारों को जनअभियान बनाया

सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों से CM भजनलाल का संवाद
 

Rudra News Express Bikaner-Jaipur. 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का प्रत्येक क्षण सेवा के लिए समर्पित रहा है। इसी सेवा संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। 

मुख्यमंत्री गुरुवार को बीकानेर में सेवा संवाद कार्यक्रम के तहत सेवा संकल्प यात्रा अभियान को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को गति दी है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों ने समाज में जागरूकता बढ़ाने का काम किया है।

पेड़

उन्होंने कहा कि राजस्थान भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ से प्रेरित होकर ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान चला रहा है। राजस्थान सरकार के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार अभियान का उद्देश्य प्रदेश को हरित प्रदेश बनाने की दिशा में व्यापक पौधरोपण और पौधों के संरक्षण को बढ़ावा देना है।

इंफ्रास्ट्रक्चर से गरीब कल्याण तक बदलाव : CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का दुनियाभर में गौरव बढ़ा है। उनके अनुसार 2014 से पहले देश आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण जैसी चुनौतियों से प्रभावित था, जबकि अब इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण की योजनाओं में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी और आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों की नजर आज भारत पर है।

राजस्थान की चार बड़ी जल परियोजनाओं का जिक्र : 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना से काम हो रहा है और लंबे समय से अटकी अंतरराज्यीय परियोजनाओं के समाधान की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने राजस्थान से जुड़ी रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब एक लाख करोड़ रुपये की रामजल सेतु लिंक परियोजना में लगभग 41 हजार करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं, जबकि करीब 35 हजार करोड़ रुपये की यमुना जल परियोजना को भी तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।

महिलायें

युवा, महिला, किसान और मजदूर के सशक्तिकरण पर जोर : 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में युवा, महिला, किसान और मजदूर के सशक्तिकरण पर जोर दिया जा रहा है। उनके अनुसार राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण, महिलाओं को आजीविका के अवसर और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने तथा विमुक्त, घुमंतू और अर्द्धघुमंतू परिवारों को पट्टे देकर स्थायी रूप से बसाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निस्वार्थ सेवा, अनुशासन, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी ही जनमानस से जुड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से जनता के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।

बाइक

बाइक रैली के राइडर्स से किया संवाद : 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने बीकानेर के वेटरनरी कॉलेज में सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित बाइक रैली के राइडर्स के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संवाद को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देखा। मुख्यमंत्री ने बाइक राइडर्स से संवाद कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान उन्होंने कलश यात्रा तथा वडनगर से वाराणसी जा रही बाइक रैली को रवाना किया। पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक सिद्धि कुमारी, डॉक्टर विश्वनाथ मेघवल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB